
Palamu : जिले की चैनपुर पुलिस ने मिडलैंड माइक्रोफिन लिमिटेड के एजेंट से पिछले दिनों हुई लूट मामले का खुलासा किया है. पुलिस ने घटना में सलिप्त तीन लुटेरों को जहां गिरफ्तार किया है, वहीं लूट में इस्तेमाल चोरी की दो बाईक, मोबाइल और कर्मी के कई सामान बरामद किए गए हैं. इस कांड के दो आरोपी फरार हैं.
चैनपुर के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर उदय कुमार गुप्ता ने चैनपुर थाना में बताया कि गत 13 सितंबर को मिडलैंड माइक्रोफिन लिमिटेड, ब्रांच ऑफिस बारालोटा के एजेंट गोपाल कुमार के साथ लूट की घटना हुई थी.
चैनपुर थाना क्षेत्र के चढ़नवा से लोन का पैसा एकट्ठा कर लौटने के क्रम में गढ़वा-डालटनगंज मुख्य पथ पर यादव होटल के समीप बाइक सवार चार अज्ञात अपराधकर्मियों ने हथियार के बल पर एक लाख 57 हजार रूपए, मोबाइल एवं बैग में रखे अन्य सामान लूट लिए गए थे.
इसे भी पढ़ें:सरकार ने टाटा संस के एयर इंडिया की बोली जीतने की खबर को बताया ‘गलत’
मामले में चैनपुर थाना में कांड संख्या 182/21 के तहत मामला दर्ज हुआ था. अनुसंधान के क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर घटना में शामिल तीन अपराधकर्मियों कंकारी निवासी अनिल चौधरी उर्फ बंगाली और रवि कुमार पाल उर्फ पिंटू और चढ़नवा निवासी संजय चौधरी को गिरफ्तार किया गया है.
अपराधियों के पास से लूटा गया मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाकिल एवं अन्य सामान बरामद हुए हैं. थाना प्रभारी ने बताया कि मोबाइल फोन रबदा कर्बला के पास से बरामद किया गया हैं.
वहीं मोटरसाइकिल आरोपियों के घर से बरामद की गयी है. लूटा गया काला बैग, दो पासबुक, आईडी कार्ड एवं अन्य सामान रबदा का भलही जंगल से बरामद किया गया है.
इसे भी पढ़ें:झारखंड हाईकोर्ट में 3 दिन फिजिकल और 2 दिन वर्चुअल मोड में होगी हियरिंग
कर्जदार निकला कांड का सूत्रधार
थाना प्रभारी ने बताया कि इस लुटकांड का सूत्रधार कर्जदार निकला है. उन्होंने कहा कि चढ़नवा का संजय चौधरी फाइनेंस कंपनी से कर्ज लिया था और चुकता भी करता था. कंपनी के एजेंट नियमानुसार गांव में लोन का पैसा एक्ट्ठा करने जाते थे. संजय को इसकी पूरी जानकारी थी.
संजय ने अपने साथियों को इस संबंध में बताया और 13 सितंबर को जब कंपनी के एजेंट गोपाल कुमार गांव से मोटा पैसा कलेक्शन कर डालटनगंज आने के लिए निकले तो इसकी जानकारी अपने साथियों को दी.
रवि दो बार जा चुका है जेल
थाना प्रभारी ने बताया कि रवि कुमार पाल उर्फ पिंटू मोटरसाइकिल चोरी कांड के सिलसिले में दो बार जेल जा चुका है. एक बार उसे गढ़वा से, जबकि एक बार मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था.
लूट में इस्तेमाल मोटरसाकिल गढ़वा के कचहरी रोड से गत तीन सितंबर को चोरी की गयी थी. उन्होंने बताया कि इस कांड में दो आरोपी क्रमशः कंकारी और सेमरटांड़ के एक-एक फरार हैं.
इसे भी पढ़ें:चार करोड़ रुपये की मनी लाउंड्रिंग का मामला: आरोपियों के खिलाफ ईडी की विशेष अदालत ने तय किये आरोप




