
Palamu : पलामू जिले के हरिहरगंज के बहुचर्चित सुमित हत्याकांड के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पायी है. हालांकि जांच में पुलिस अधिकारी जुटे हुए हैं. एसआईटी का गठन किया गया है. छतरपुर डीएसपी अजय कुमार इसका नेतृत्व कर रहे हैं. इस टीम में हरिहरगंज, छतरपुर व नौडीहा के थाना प्रभारी शामिल किए गए हैं.
पलामू एसपी चंदन कुमार सिन्हा इस मामले की जांच करने सोमवार को खुद हरिहरगंज पहुंचे. वे पीड़ित के घर भी गए और परिजनों से आवश्यक जानकारी ली. इस मामले में पुलिस ने हरिहरगंज थाना क्षेत्र के भगत तेंदुआ निवासी मनीष उर्फ रिंकू सिंह नामक व्यक्ति को गिरफ्त में लिया है और उससे पूछताछ कर रही है. एसपी ने मनीष के हवाले से बताया कि सुमित को उसके मित्रों ने हरिहरगंज थाना क्षेत्र के सियरभूका निवासी भूषण मेहता को सबक सिखाने के उद्देश्य से रात्रि में फोन पर उसे बुलाया था. भूषण को उसके मित्र पंकज से विवाद था.
जानकारी यह भी मिली है कि सुमित को बुलाने से पहले उसके मित्र सियरभुका गए थे पर भूषण के द्वारा पुलिस को बुलाने की धमकी देने के बाद वे वहां से भाग निकले और सबक सिखाने की जुगाड़ करने लगे. हिरासत में लिए गए मनीष के अनुसार सुमित के मित्र की मिस फायरिंग की गोली ही उसे लग गयी. इससे उसके मित्र घबरा गए और उसने भगत तेंदुआ के मनीष उर्फ रिंकू सिंह को शनिवार की रात्रि 12.13 बजे फोन कर कहा कि मुसीबत में हैं जल्दी आइए और जान बचाईये.
जिसके बाद मनीष गाड़ी लेकर आ ही रहा था कि मनीष बेलौदर मोड़ के समीप पंकज और छोटू से मिला और पंकज के कपड़े में खून के कई धब्बे देखे. मनीष ने मित्रता निभाते हुए पंकज व छोटू को टंडवा थाना क्षेत्र के बेनी गांव पहुंचाया. जिस गाड़ी से पंकज को पहुंचाया गया उसे पुलिस ने जब्त कर लिया है.
इसे भी पढ़े:IPL 2022 में इस टीम के हेड कोच बन सकते हैं रवि शास्त्री, भविष्य को लेकर कही ये बात
पत्रकारों को जानकारी देते हुए पलामू एसपी ने बताया कि घटना से पहले रात में हरिहरगंज के पंकज सिंह व छोटू सिंह, पिपरा थाना क्षेत्र के गहोरा निवासी अनिमेष सिंह, कुटुंबा थाना क्षेत्र के डिहरी गांव निवासी धर्मेंद्र सिंह तथा औरंगाबाद के अंकित कुमार ने भगत तेंदुआ स्थित सहारा होटल में एक साथ खाया पिया था.
पलामू एसपी ने बताया कि उक्त पांचों आरोपी अभी फरार हैं. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. इनकी गिरफ्तारी के बाद ही मामला स्पष्ट होगा कि हत्या कौन किया है. वहीं उन्होंने कहा कि मृतक सुमित की गाड़ी से पिस्टल का एक खोखा भी बरामद किया गया है.
इसे भी पढ़े:बिहार पंचायत चुनाव के सातवें चरण में 37 जिलों के 63 प्रखंड में वोट डाले गये, 62 फीसदी मतदान
मृत भाजपा नेता सुमित के परिजनों से मिले पलामू सांसद और एसपी
भाजपा के दिवंगत नेता सुमित श्रीवास्तव के परिजनों से सोमवार को पलामू सांसद वीडी राम एसपी चंदन कुमार सिन्हा मेदिनीनगर भाजपा विधायक आलोक चौरसिया के साथ जिले भर के भाजपा के कई वरीय नेताओं ने हरिहरगंज स्थित आवास पर उनके परिजनों से भेंट किया और उन्हें सांत्वना दी.
सांसद ने मृतक के माता पिता और परिजनों से घटना के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी लेते हुए परिजनों को अपराधियों की गिरफ्तारी और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया. उन्होंने सुमित श्रीवास्तव की हत्या की कड़ी निंदा की और प्रशासन से हत्या कांड में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही.
इसके पहले पलामू एसपी ने भी पहुंच कर परिजनों का हाल जाना और घटना से सम्बन्धित कई जानकारियां प्राप्त की. इस अवसर पर मेदिनीनगर विधायक आलोक चौरसिया, भाजपा जिला अध्यक्ष विजयानंद पाठक, पूर्व जिला अध्यक्ष नरेंद्र पाण्डेय,भाजपा नेता बिनोद कुमार सिंह, विजय ओझा, कर्नल संजय कुमार सिंह, किसलय तिवारी, विजय ओझा, ज्योति पांडेय, राजीव रंजन, अरूण मिश्रा, दिनेश गुप्ता, बलू बलराम, सतेंद्र पासवान, चंदन प्रजापति आदी मौजूद थे.
इसे भी पढ़े:इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर परियोजना: पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड एवं एलएंडटी कंपनी के बीच करार
उधर पूर्व विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता ने इस घटना में शामिल हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए सड़क जाम का निर्णय लिया था, किंतु पुलिस अधिकारियों द्वारा साकारात्मक कार्रवाई का भरोसा देने के बाद मृतक के परिजनों के कहने पर सड़क जाम कार्यक्रम स्थगित किया गया.
वहीं घटना के विरोध में पलामू आईटीआई एसोसिएशन के आह्वान पर सभी आईटीआई कॉलेज को बंद रखा गया है. इसकी जानकारी पलामू एसोसिएशन के सचिव राजीव रंजन ने दी. एसोसिएशन के लोगों ने जल्द गिरफ्तारी व न्याय दिलाने की मांग की है.
इसे भी पढ़े:गिरिडीह पहुंचे अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री, कहा- दलीय आधार पर चुनाव होने पर संगठन होगा कमजोर




