
Palamu: युवा सांस्कृतिक मंत्रालय की ओर से सोमवार से पलामू जिले में ‘राष्ट्रीय एकता शिविर’ की शुरूआत हो गयी. इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम की मेजबानी नेहरू युवा केन्द्र पलामू कर रहा है.
सात फरवरी तक चलने वाले इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आये युवा एक दूसरे की संस्कृति को जहां जान पायेंगे और अपनी संस्कृति से परिचय करायेंगे.
मेदिनीनगर के दीनदयाल उपाध्याय नगर भवन में आयोजित इस शिविर में पहले दिन निबंधन और परिचय प्राप्त करने का कार्यक्रम हुआ. सारे प्रतिभागियों ने अतिथियों को अपना परिचय दिया.
बिहार के पटना से भी 11 युवाओं की टीम यहां पहुंची है. इस टीम के विनय कुमार भारती ने कहा कि कार्यक्रम में शामिल होकर काफी उत्साहित हैं. अच्छा लग रहा है.
बिहार के ही सकलदीप कुमार ने कहा कि वह काफी खुश है और एक दूसरे की संस्कृति को जानने के लिए उत्सुक है.
इसे भी पढ़ें : गैर शैक्षणिक कार्यों में पूरे साल उलझे रहे शिक्षक, आधे-अधूरे सिलेबस पर प्राइमरी-मिडिल क्लास की होगी परीक्षा
सुरक्षा के मामले में आश्वस्त दिखे युवा
सिक्किम से आयी मिलन सुब्बा ने कहा कि झारखंड और पलामू के बारे में केवल किताबों में पढ़ा था. यहां आकर देख रही हूं, बढ़िया जगह है.
सुरक्षा के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि यहां आने के बाद कभी महसूस नहीं हुआ कि नक्सलवाद और अपराध के लिए यह इलाका चर्चित रहा है.
असम के स्वयंबर नजारत ने कहा कि युवाओं को जागरूक होना होगा. एक साथ खड़ा रहना होगा.
14 राज्यों के 250 प्रतिभागी ले रहे भाग : स्टेट हेड
नेहरू युवा केन्द्र की स्टेट हेड हनी सिन्हा ने बताया कि इस राज्यस्तरीय शिविर में 14 राज्यों के 250 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं. इसके अलावा देश भर के 123 डेलिगेड्स भी शिविर में पहुंचे हैं.
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारत के अलग-अलग राज्यों के सामाजिक और संस्कृतिक विचारों का आदान प्रदान करना है.
शिविर में अलग-अलग राज्यों की प्रदर्शनी लगायी गयी है और नगर में एकता रैली निकालने की तैयारी है. पहले दिन निबंधन और परिचय प्राप्त करने का कार्यक्रम हुआ. कल उद्घाटन का कार्यक्रम होगा.
इसे भी पढ़ें : साल 2016 और 2019 में एक बार भी नहीं हुई दिव्यांगता सलाहाकार बोर्ड की बैठक, सालाना होनी चाहिये दो मीटिंग
इन राज्यों के युवा पहुंचे हैं शिविर में
शिविर में गोवा, असम, सिक्किम, मध्यप्रदेश, आंध्रप्रदेश, उत्तरप्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओड़ीसा, छत्तीसगढ़, राजस्थान, पंजाब, जम्मू-कश्मीर के प्रतिभागी शामिल हुए हैं.
इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक मंत्रालय भारत सरकार की 100 सदस्यीय टीम एवं संगीत नाटक एकेडमी दिल्ली की भी एक टीम भाग ले रही है और अपनी कला का प्रदर्शन करेगी.
कार्यक्रम को सफल बनाने में नेहरू युवा केन्द्र के संयोजक पवन कुमार, अक्षय कुमार, सतीश तिवारी, मंजीत मेहता, नेहा कुमारी, विशाल तिवारी, साकेत कुमार, नवनीत पाठक सहित अन्य तत्परता से लगे हुए हैं.
होंगे विभिन्न कार्यक्रम
बताया गया कि विभिन्न राज्यों से आये प्रतिभागियों को विभिन्न विषयों पर अलग-अलग विशेषज्ञों के द्वारा प्रशिक्षण दिया जायेगा.
इसके अलावा अलग-अलग राज्यों के संस्कृति एवं सभ्यता को जानने के लिए तरह तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा.
इसके अलावा शिविर के दौरान भाषण तथा वाद-विवाद प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता, एकता रैली का आयोजन होगा. साथ ही विभिन्न राज्यों से आये प्रतिभागियों को पलामू के प्राकृतिक तथा दर्शनीय स्थल का भ्रमण भी कराया जायेगा.
कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के युवा प्रतिनिधि एक साथ रहेंगे. ऐसे में एक दूसरे की सभ्यता, रहन-सहन, खानपान को देखेंगे, जिससे एकात्मकता का भाव प्रत्येक युवा में जगेगा.
इसे भी पढ़ें : बोर्ड, निगम में रिक्त पदों को भरने की तैयारी, CS ने मांगी जानकारी, जानें कौन-कौन बोर्ड-निगम हैं महत्वपूर्ण




