
Palamu: एक 14 वर्षीय नाबालिग ने अपनी मां के प्रेमी पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है. इस सिलसिले में जिले के एसपी चंदन कुमार सिन्हा के निर्देश पर पाटन थाना क्षेत्र के सिक्की कला के रहने वाले धर्मेंन्द्र राम के खिलाफ मेदिनीनगर शहर थाना में पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया गया है. मामला दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी है.
जानकारी के अनुसार पीड़िता के पिता बाहर रहकर मजदूरी करते हैं. किशोरी अपनी मां और छोटे भाई के साथ मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र में रहती है. पीड़िता के घर में ही आरोपी भी रहता है.
पिता की गैरमौजूदगी में धर्मेंन्द्र राम नाबालिग से नाजायज रिश्ता कायम करना चाहता है. यह भी कहा जाता है कि धर्मेंन्द्र राम पीड़िता की मां का प्रेमी है. पीड़िता को संबंध नहीं बनाने पर जान से मारने की धमकी देता है.
इसे भी पढ़ें:रामनवमी जुलूस में पथराव मामले में चला बुल्डोजर, दंगाईयों को चिन्हित कर ध्वस्त किए 52 मकान-दुकान
मां को मिलता है संरक्षण
पीड़िता का कहना है कि मामले में उसकी मां हस्तक्षेप करने के बजाए प्रेमी के साथ मिलकर उसकी पिटायी करती है. उसका छोटा भाई भी है. पीड़िता के साथ उसके भाई के साथ भी मारपीट की जाती है. पीड़िता के अनुसार इस घिनौने कार्य में उसकी मां का भी संरक्षण प्राप्त है. इसी कारण गलत कार्य नहीं करने पर उसकी पिटायी की जाती है.
लंबे समय से परेशान पीड़िता जिले के एसपी चंदन कुमार सिन्हा के पास पहुंची और मामले में शिकायत करते हुए कार्रवाई की गुहार लगायी. एसपी ने मामले में कार्रवाई के लिए शहर थाना पुलिस को निर्देशित किया. निर्देश के बाद मामला दर्ज किया गया.
इसे भी पढ़ें:पंचायत चुनाव: चुनाव लड़ रहे मुखिया, प्रमुख, जिप अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का पावर सीज




