
Palamu : गुरुवार रात छतरपुर के खजुरी-नौडिहा-बाघमारा रोड में बांकी नदी पर पुल निर्माण कार्य स्थल पर उग्रवादियों ने दस्तक दी और दो मुंशियों की जमकर पिटाई की. जान लें कि पिछले तीन दिनों के दौरान टीपीसी उग्रवादियों द्वारा इस क्षेत्र में दो घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है. खबरों के अनुसार उग्रवादियों की संख्या पांच के आसपास थी. सभी हथियारबंद थे.
वहां मौजूद मुंशी राजेंद्र सिंह व सत्येंद्र सिंह को गिरफ्त में लेने के बाद उनकी दो घंटे तक जमकर पिटाई की. साथ ही लेवी देने के बाद काम करने की चेतावनी दी. पिटाई के बाद दोनों मुंशी का छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज कराया गया. पुलिस ने उनका बयान लिया है.
इसे भी पढ़ें : एग्जिट पोल बता रहे- झारखंड में अबकी बार नहीं होगी बहुमत की सरकार
अनुमंडलीय अस्पताल में हुआ इलाज
डॉ शंकर प्रसाद ने शुक्रवार को उनका इलाज किया. पुल निर्माण का कार्य नंदिनी कंस्ट्रक्शन द्वारा कराया जा रहा है. भारत सरकार के विशेष फंड से डेढ़ करोड़ की लागत से पुल स्वीकृत है. निर्माण कार्य के संवेदक मनोज सिंह हैं. दोनों मुंशी और संवेदक गढ़वा के निवासी हैं. घटना के बाद से इलाके में दहशत कायम है.
इसे भी पढ़ें : CAA और NRC को सरयू का समर्थन, सरकार को ‘सबका विश्वास’ याद दिलाया, विपक्ष को राष्ट्रहित समझाया
मामला दर्ज किया गया: एसडीपीओ
छतरपुर के एसडीपीओ शंभूनाथ सिंह ने बताया कि टीपीसी के गिरेंद्र व उदेस का दस्ता इस घटना में शामिल था. दोनों मुंशियों का बयान लिया गया है. एफआइआर कर उग्रवादियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गयी है.
16 दिसंबर की रात में क्रशर मालिक और चालक को पीटा गया था
चार दिन पहले 16 दिसंबर की रात छतरपुर थाना के केड़की में क्रशर मालिक माया प्रसाद गुप्ता व जेसीबी ड्राइवर की पिटाई की गयी थी. हथियारों से लैश आठ-दस की संख्या में उग्रवादी केरकी स्थित कुटिया के समीप चल रहे क्रेशर पर आ धमके थे. उग्रवादियों ने क्रशर को बंद कराते हुए वहां मौजूद जेसीबी चालक पीयूष की पिटाई की और क्रशर के मुंशी को अपने साथ लेकर केरकी स्थित माया प्रसाद के घर पहुंचे. वहां उन्होंने माया प्रसाद की लाठी डंडों से पिटाई कर दी. माया प्रसाद गंभीर रूप से घायल हैं.
लगातार हो रही है हिंसक घटनाएं
झारखंड में चुनाव होने के कारण पलामू जिले से अधिकतर जवान दूसरे जिलों में शिफ्ट हैं. पुलिस सूत्रों के अनुसार राज्य में चल रहे विधानसभा चुनाव का लाभ छतरपुर में नक्सली उठा रहे हैं. पलामू में पहले चरण में चुनाव समाप्त होने के बाद बड़ी तादाद में फोर्स दूसरे जिलों में चुनाव कराने गयी हुई है. जिससे नक्सलियों को छतरपुर में घुसने का मौका आसानी से मिल जा रहा है. कहा जा रहा है कि चुनाव समाप्त होने के बाद स्थिति में बदलाव होगा. इलाके में पूरी शांति होगी.
इसे भी पढ़ें : #JharkhandElection: पांचवें चरण की 16 सीटों पर 71.17 प्रतिशत मतदान




