Palamu

पलामू: दिवंगत पत्रकार एसएस रूबी को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

  • झारखंड के प्रथम स्पीकर आईएस नामधारी ने दिया परिजनों को अवॉर्ड

Palamu: पलामू पत्रकार परिषद ने दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र सिंह रूबी को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया. स्व रूबी के मरणोपरांत यह सम्मान उनके सुपुत्र जसप्रीत सिंह व लक्की को नवाटोली स्थित उनके आवास पर मंगलवार को एक सादे समारोह के दौरान दिया गया. परिषद की ओर से 11 हजार रुपये का चेक बतौर सम्मान उन्हें सौंपा गया। इसके अलावे शॉल, मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र भी उनके पुत्रों को भेंट किया गया.

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधानसभा के पूर्व स्पीकर इंदर सिंह नामधारी ने स्व रूबी के परिजनों को यह सम्मान देते हुए कहा कि पत्रकारिता धर्म और पत्रकारिता के मूल्यों का जीवन पर्यंत निर्वहन करने वाले रूबी जी के लिए इससे बड़ा सम्मान नहीं हो सकता कि खुद पत्रकारों का समूह उन्हें सम्मानित कर रहा है. आज जरूरत है पत्रकारिता में स्थापित किए गए उनके आदर्शों को आत्मसात करने की. श्री नामधारी में उनके सामाजिक जीवन और उपलब्धियों की भी विस्तार से चर्चा की.

मौके पर उपस्थित विशिष्ट अतिथि सेवानिर्वित प्राध्याक प्रो सुभाष चंद्र मिश्र ने रूबी जी के व्यक्तित्व व कृतित्व की चर्चा करते हुए कहा कि पत्रकारिता धर्म का पालन करते हुए रूबी जी ने आजीवन अपने सामाजिक कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा के साथ पालन किया.जिले में किसी भी सामाजिक सौहार्द के कार्य में रूबी जी सदैव मौजूद होते थे. निश्चित तौर पर उनके मरणोपरांत यह सम्मान उनकी आत्मा को सुखद एहसास कराएगा.

एसएस रूबी मार्ग करने का प्रस्ताव

इस दौरान परिषद की ओर से स्व रूबी जी के आवास तक जाने वाली सड़क का नामकरण एसएस रूबी मार्ग और दिवंगत पत्रकार रामेश्वरम के आवास तक जाने वाली सड़क का नाम रामेश्वरम मार्ग करने का प्रस्ताव दिया गया. इस प्रस्ताव के साथ पलामू पत्रकार परिषद शीघ्र ही नगर निगम की मेयर से मिलकर इसकी मांग करेगा.

परिषद हर वर्ष वरिष्ठ पत्रकार को करेगा सम्मानित होंगे

मौके पर पीपीपी के अध्यक्ष ब्रजेश तिवारी ने कहा कि परिषद ने इस साल से यह निर्णय लिया कि हर वर्ष पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ पत्रकारों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा. इस वर्ष यह सम्मान श्रधेय रूबी जी के नाम था.उन्होंने बताया कि परिषद की ओर से यह सम्मान उन्हें गुरुनानक जयंती के दिन ही दिया जाना था, लेकिन उसी दिन रूबी सर हम सबों को विदा कह गए. जिसके बाद परिषद ने मरणोपरांत यह सम्मान  उनके परिजनों को देने का निर्णय लिया. जिसे आज पूरा किया गया. कार्यक्रम के अंत में महासचिव सत्येंद्र मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए शोक प्रस्ताव रखा. उपस्थित तमाम सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर पत्रकारों के अभिभावक रहे स्व सुरेंद्र सिंह रूबी को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी.

मौके पर कार्यक्रयम संयोजक केतन आनंद, कार्यकारी अध्यक्ष दिलीप कुमार, नागेंद्र शर्मा, अविनाश, सैकत चटर्जी, अजीत मिश्रा, नीलकमल, नीरज, श्रवण सोनी, करुणा करण,  अभिषेक पांडे, विवेक सिंह, भोला, रवि, दिलीप आदि पत्रकार उपस्थित थें.

Related Articles

Back to top button