Crime NewsJharkhandLead NewsPalamu

पलामू : फिरौती के लिए अपहृत किसान की हत्या, नदी के किनारे दफन मिला शव

सात दिन पूर्व विश्वनाथ यादव का हुआ था अपहरण, दस लाख मांगी थी फिरौती

Palamu : पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के मतनाग से अपहृत किसान विश्वनाथ यादव का शव बरामद हुआ है. पलामू-चतरा के सीमावर्ती पांकी थाना क्षेत्र के लंबीटांड़ पसई ढोढ़ा स्थित नदी के किनारे शव दफन था. नदी किनारे शव होने की सूचना मिली थी, मगर नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने की वजह से पुलिस गुरुवार की सुबह शव बरामद करने पहुंची.

गौरतलब है कि लंबीटांड़ से कुछ दूरी पर स्थित मतनाग गांव से एक सप्ताह पहले किसान विश्वनाथ यादव का अपहरण हुआ था. अपहर्ताओं ने उसके छोड़ने के लिए परिजनों से 10 लाख रुपये फिरौती मांगी थी. शव पूरी तरह सड़ चुका है और दुर्गंध आ रही है. आशंका व्यक्त की जा रही है कि फिरौती की रकम नहीं मिलने पर अपराधियों ने विश्वनाथ यादव की हत्या कर दी और शव को जमीन में दफन कर दिया. पांकी प्रखंड मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर की दूरी पर शव मिला है.

इसे भी पढ़ें : AMU के शताब्दी समारोह के मुख्य अतिथि होंगे पीएम मोदी, कुलपति की छात्रों से अपील, राजनीति से ऊपर उठकर शामिल हों

4- 5 दिनों का लगता है शव

शव बरामद करने के लिए पांकी पुलिस पूरी तैयारी के साथ मौके पर पहुंची. मजिस्ट्रेट सह पांकी के  अंचलाधिकारी मनोज कुमार, लेस्लीगंज के एसडीपीओ अनूप बड़ाइक, पांकी के थाना प्रभारी जेके रमन की मौजूदगी में शव निकाला गया. शव के साथ एक पिस्टल भी मिला है. शव का हाथ पैर बंधा हुआ था. शव के ऊपर गहरे जख्म भी मिले हैं. इससे उसकी पिटाई किए जाने की संभावना वयक्त की जा रही है. देखने से शव चार-पांच दिनों का लगता है.

जेएमएम नेता सहित चार पर दर्ज है प्राथमिकी

विदित हो कि विश्वनाथ यादव के परिजनों ने उसके अपहरण कांड में विश्वनाथ के मोबाइल से ही 10 लाख फिरौती मांगने की शिकायत दर्ज कराते हुए जेएमएम नेता और पारा शिक्षक ईश्वरी यादव सहित चार के खिलाफ मामला दर्ज कराया था. लेकिन पुलिस चारों में से किसी को अब तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है. इससे पांकी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं.

इसे भी पढ़ें:पूर्व सांसद व बाहुबली शहाबुद्दीन को सलाखों के पीछे पहुंचाने वाले चंदा बाबू नहीं रहे

Related Articles

Back to top button