
Ranchi : कई आपराधिक मामलों में सजा काट रहे पूर्व नक्सली कुंदन पाहन ने सोमवार को पुलिस कस्टडी में जेल से बुंडू जाकर तमाड़ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया. कुंदन पाहन तमाड़ विधानसभा से निर्दलीय चुनाव लड़ने जा रहे हैं.
कुंदन के नामांकन भरने के साथ ही तमाड़ विधानसभा की लड़ाई काफी रोचक हो गयी है. इस सीट से कुंदन पहन के साथ राजा पीटर और वर्तमान विधायक विकास मुंडा चुनाव लड़ रहे हैं.
इससे पहले झारखंड पार्टी (झापा) के टिकट पर कुंदन पाहन की उम्मीदवारी तय हुई थी लेकिन पार्टी के अंदर विरोध को देखते हुए टिकट पास ले लिया गया.
झापा सुप्रीमो एनोस एक्का ने कहा कि गलतफहमी में उसे टिकट दिया गया था और समर्पित कार्यकर्ताओं के लगातार विरोध को देखते हुए रविवार रात पार्टी केंद्रीय कमिटी ने निर्णय लिया कि कुंदन पाहन को दिया गया टिकट वापस लिया जाये.
हत्या समेत सैकड़ो केस दर्ज हैं कुंदन पाहन पर
बता दें कि भाकपा माओवादी के झारखंड रीजनल कमेटी के सचिव रहे 15 लाख रुपये के इनामी कुंदन पाहन ने मई 2017 में सरेंडर किया था.
उस पर पूर्व मंत्री रमेश सिंह मुंडा, सांसद सुनील महतो, डीएसपी प्रमोद कुमार और इंस्पेक्टर फ्रांसिस इंदवार की हत्या समेत हत्या के 77 मामले दर्ज हैं.
इसके अलावा कुंदन आइसीआइसीआइ बैंक के कैश वैन से पांच करोड़ रुपये और एक किलो सोना लूटने में भी प्रमुख आरोपी है. नक्सली घटनाओं सहित कई मामलों को लेकर उस पर कुल 120 केस दर्ज हैं.
इसे भी पढ़ें : #JharkhandPolice की लापरवाहीः मृतक पर टेरर फंडिंग का केस, निर्दोष को भी जेल भेजने का आरोप
कुंदन के नामांकन भरने के साथी तमाड़ पर लड़ाई हुई रोचक
कुख्यात नक्सली कुंदन पाहन के तमाड़ विधानसभा क्षेत्र से नामांकन भरने के साथ ही इस सीट पर लड़ाई खासी रोचक हो गयी है. इस सीट से विधायक रहे पूर्व मंत्री रमेश सिंह मुंडा के हत्यारोपी नक्सली कुंदन पाहन के साथ ही हत्या की सुपारी देने के आरोपी पूर्व विधायक राजा पीटर भी यहां चुनावी मैदान में हैं.
वहीं, रमेश सिंह मुंडा के पुत्र और इस सीट से निवर्तमान विधायक विकास सिंह मुंडा भी झामुमो के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं.
2014 में विकास मुंडा ने यह सीट आजसू के टिकट पर जीती थी. बाद में आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो के साथ हुए मतभेद के बाद के बाद उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा का दामन थाम लिया था.
इसे भी पढ़ें : #Maoist कमांडर का भाई 2 माह से जेल में, परिजन बोले- ‘पुलिस सरेंडर कराने के लिए मिलने भेजती है और रास्ते में गिरफ्तार कर लेती है’




