
Palamu: ब्लूडार्ट कंपनी का डिलीवरी बॉय 35 लाख रूपए लेकर फरार हो गया है. पिछले चार दिनों से डिलीवरी बॉय गायब है और उसका कुछ अता-पता नहीं चल रहा है. दो दिनों तक डिलीवरी बॉय का पता लगाने के बाद कंपनी की ओर से मेदिनीनगर के प्रबंधक आकाश कुमार ने शहर थाना में मामला दर्ज कराया है.
शहर के जेलहाता मुंसक रोड में संचालित ब्लूडार्ट कुरियर कंपनी के प्रबंधक आकाश कुमार ने कहा है कि उनकी शाखा का डिलीवरी बॉय बारालोटा निवासी रजनीश कुमार, पिता नन्दकिशोर पाठक कंपनी का 35 लाख 50 हजार 368 रूपए अबतक कार्यालय में नहीं जमा कराया है. गत 6 अक्टूबर से लेकर 9 अक्टूबर तक के कलेक्शन के उपरोक्त पैसे डिलीवरी बॉय को जमा कराने थे. डिलीवरी बॉय ने बताया था कि बैंक से पैसे नहीं निकाल पाये हैं. सोमवार को खाते से पैसे निकाल कर जमा कर देंगे, परंतु उसके बाद से उसका मोबाइल बंद पाया गया. जब उसके घर पर संपर्क किया गया और अपने स्तर से हर संभव पता लगाने की कोशिश की गई तो भी कुछ जानकारी नहीं हो पाई.
प्रबंधक ने बताया है कि डिलीवरी बॉय के घर वाले भी बता रहे हैं कि उससे उनका कोई संपर्क नहीं है और ना ही कोई रिश्ता है. इससे संदेह हो रहा है कि युवक कंपनी का पैसा लेकर भाग गया है. प्रबंधक ने रजनीश कुमार की पहचान से संबंधित दस्तावेज और तस्वीर पुलिस को मुहैया करायी है. प्रबंधक ने कंपनी के पैसे का लेखा-जोखा से संबंधित भी दस्तावेज पुलिस को दिया है.
इसे भी पढ़ें – PMO में अमित खरे की नियुक्ति रघुवर दास को चोट है या उनका प्रायश्चित!
दो बैंक खाते में लिये थे पैसे
कंपनी के अनुसार डिलीवरी बॉय रजनीश कुमार ने अपने दो निजी बैंक खाते में सेल के पैसे जमा कराये थे. एक खाता बेलवाटिका स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक और एक अन्य का है. खातों की जांच करने पर पता चला है कि वे खाली हैं. हालांकि बैंक में अवकाश रहने के कारण पूरी जानकारी सामने नहीं आ पायी है. डिलीवरी बॉय ने जिन-जिन लोगांे से खाते में पैसे लिये, उनसे कंपनी के लोगों ने जानकारी ली. पैसे देने वाले ग्राहकों ने साक्ष्य दिखाते हुए डिलीवरी बॉय के निजी खाते में पैसे ट्रॉंसफर करने की जानकारी दी.
दस अक्टूबर तक हुआ संपर्क
परिजनों के अनुसार डिलीवरी बॉय रजनीश कुमार से गत दस अक्टूबर को अंतिम बार संकर्प हुआ था. उसके बाद से उसका कोई अता-पता नहीं है. 11 अक्टूबर को रजनीश की मां उमा देवी ने एक शपथ पत्र जारी किया. इसमें उन्होंने अपने छोटे बेटे सह ब्लूडार्ट कंपनी के डिलीवरी बॉय रजनीश कुमार को संपति से बेदखल करने का हवाला दिया है. यह भी कहा है कि रजनीश के किसी लफड़े से उसका कोई लेन-देना नहीं रह गया है. अगर वह कोई भी गलत कार्य करता है तो उसके लिए वह स्वयं जिम्मेवार होगा. गत 12 अक्टूबर को रजनीश के गायब हो जाने के संबंध में उसकी पत्नी पूजा देवी ने शहर थाना में सनहा भी दर्ज कराया है.
इधर, शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरूण कुमार महथा ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है.
इसे भी पढ़ें – बबलू मुंडा पर हमले में हमारा हाथ नहीं : टीपीसी




