
New Delhi: अवसर मिलते ही भारत की छिछालेदार पर उतारु रहने वाले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का सुर बदलने लगा. एक इंटरव्यू में पाकिस्तान प्रधानमंत्री ने कहा है कि भारत से तीन युद्ध के बाद उनका देश सबक सीख चुका है. क्षेत्र में शांति की पैरोकारी की. हालांकि, कश्मीर में मानवाधिकार के उल्लंघन का आरोप लगाया.
पश्चिमी एशिया के प्रमुख मीडिया संस्थानों में से एक अल-अरेबिया को दिए इंटरव्यू में जब पाकिस्तानी प्रधानमंत्री से भारत के साथ रिश्तों को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से तीन युद्धों में पाकिस्तान ने सबक सीखे हैं और वे अब शांति चाहते हैं. इतना ही नहीं इस मंच से भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी अपील की. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान शांति चाहता है, लेकिन कश्मीर में जो कुछ भी हो रहा है, वह रुकना चाहिए.
मालूम हो कि पाकिस्तान इन दिनों आर्थिक संकट से जूझ रहा है. वहां आटा के लिए लोगों की जान चली जा रही है. पाकिस्तान की जनता भारत से संबंध सुधारने की चर्चा करने लगे हैं. इस इंटरव्यू ने उन्होंने कहा कि हमने भारत के साथ तीन युद्ध लड़े और इनसे लोगों को सिर्फ परेशानी, गरीबी और बेरोजगारी ही मिली है. हमने अपने सबक सीख लिए हैं और अब शांति से रहना चाहते हैं, बस हमारी असल परेशानियों का निपटारा हो जाए.




