
- जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम परिसर में सोलर पावर सुविधा, सी थ्री फिटनेस हब एवं द अपटाउन कैफे का मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन
- सीएम ने कहा- राज्य एवं देश के सर्वांगीण विकास में युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण
Ranchi : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा है कि राज्य के नौजवानों के सपनों को हमारी सरकार पूरा करने का कार्य करने की दिशा में काम करेगी. खेल-खिलाड़ी, शिक्षा एवं रोजगार सरकार की प्राथमिकता में है.
उन्होंने कहा कि राज्य के खिलाड़ियों ने देश में ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन किया है. विश्व क्रिकेट में महेंद्र सिंह धोनी ने देश का मान बढ़ाया है.
हॉकी के क्षेत्र में भी झारखंड का स्वर्णिम इतिहास रहा है. खेल और खिलाड़ियों को आगे ले जाने में वर्तमान सरकार प्रयासरत रहेगी. उन्होंने कहा कि राज्य एवं देश के सर्वांगीण विकास में युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है.
मुख्यमंत्री ने यह बातें धुर्वा स्थित जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम परिसर में सोलर पावर सुविधा, सी थ्री फिटनेस हब एवं द अपटाउन कैफे के उद्घाटन के दौरान कहीं.
इसे भी पढ़ें : नक्सल प्रभावित अरमो में 22 लाख की लागत से बने बहुउद्देशीय भवन में सहकारी समिति चला रही है स्कूल
जेएससीए स्टेडियम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का गौरव है
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संयोग ही है कि झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन इंटरनेशनल स्टेडियम की जब नींव रखी जा रही थी तब मैं एक सामान्य व्यक्ति के रूप में उपस्थित हुआ था.
स्टेडियम के निर्माण के समय से अभी तक का जो सफर तय हुआ है उसमें कहीं ना कहीं दिशोम गुरु पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन जी का मार्गदर्शन अहम् रहा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिबू सोरेन के द्वारा रखी गयी आधारशिला पर बना स्टेडियम आज विश्वस्तरीय स्टेडियम के रूप में देश और झारखंड का मान बढ़ा रहा है.
यह स्टेडियम झारखंड का गौरव है. जेएससीए स्टेडियम भारत का सबसे बेहतरीन स्टेडियम में से एक है.
इसे भी पढ़ें : #Ranchi: सदर अस्पताल में दो साल बाद भी तैयार नहीं हो सका डायलिसिस सेंटर
जेएससीए झारखंड के खिलाड़ियों को दे रहा बेहतरीन प्लेटफॉर्म
हेमन्त सोरेन ने कहा कि पिछले कई वर्षों से झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) राज्य के खिलाड़ियों को एक बेहतरीन प्लेटफार्म उपलब्ध कराने का कार्य करता आ रहा है.
पूरा विश्वास है कि जेएससीए राज्य के खिलाड़ियों को आगे भी इसी तरह खेल के क्षेत्र में बुलंदियों तक ले जाने का कार्य करती रहेगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार पंजाब हरियाणा के खिलाड़ी अपने राज्यों का नाम रोशन कर रहे हैं उसी तरह कड़ी मेहनत कर आप राज्य के खिलाड़ी भी झारखंड को खेल के क्षेत्र में आगे ले जायें.
युवाओं के सपनों को पूरा करना सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड देश की 42% खनिज संपदा वाला राज्य है. झारखंड के युवा हर सेक्टर में आगे हैं.
उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में आगे रहने वाले युवाओं के सपनों को पूरा करना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि आइएएस, आइपीएस इत्यादि की प्रतियोगिता परीक्षाओं में भी झारखंड बिहार के नौजवानों ने अपनी अलग पहचान बनायी है.
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में विलंब से पहुंचने पर उपस्थित लोगों से क्षमा मांगी
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने उद्घाटन कार्यक्रम में विलंब से पहुंचने पर उपस्थित सभी लोगों से क्षमा मांगते हुए खेद प्रकट किया. कहा कि अपरिहार्य परिस्थितिवश विलंब से पहुंचने हेतु मैं क्षमाप्रार्थी हूं.
जेएससीए द्वारा मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एवं फेडरल रिपब्लिक ऑफ जर्मनी के काउंसल जनरल माइकल फैनर को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया.
इसे भी पढ़ें : रांची पुलिस ने फेक करेंसी और जाली नोट छापने की मशीन के साथ डॉक्टर को गिरफ्तार किया




