JharkhandLead NewsNEWSRanchiTOP SLIDER

झारखंड की 7 वर्षीय बेटी आशाइन जुरिएल ने कराटे में दो पदक जीत देश के लिए रचा इतिहास

Ranchi: दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में चल रहे इंडिया ओपन इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप में भारतीय टीम के लिए रविवार का दिन खास रहा. झारखंड की खिलाड़ी आशाइन जुरिएल मिंज ने उम्दा प्रदर्शन करते हुए 7 वर्ष आयु वर्ग के कुमिते में रजत और काता में कांस्य पदक जीतकर देश का परचम लहराया. उन्होंने कुमिते में श्रीलंका के खिलाड़ी को सेमीफाइनल राउंड में 6 अंक के अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश किया. वहीं फाइनल राउंड में बांग्लादेश के खिलाड़ी से एक अंक के अंतर से हारकर रजत पदक पर अपना कब्जा जमाया. वहीं काता में कांस्य पदक जीता. पदक समारोह के दौरान रजत पदक जीतने के कारण दूसरे नंबर पर भारत देश का झंडा लहराया गया. इस दौरान लोगों की तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा स्टेडियम गूंज उठा. मौके पर विश्व कराटे संघ के तकनीकी आयोग के सदस्य भरत शर्मा ने रजत पदक पहनाकर उसे सम्मानित किया.

इंटरनेशनल मार्शल आर्ट एकेडमी इमा के तकनीकी निदेशक एवं नेशनल कोच शिहान सुनील किस्पोट्टा ने बधाई देते हुए कहा कि 7 वर्ष की आयु में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता पर दो पदक जीतना देश के आने वाले खिलाड़ियों के भविष्य को बतलाता है कि हम किस ओर बढ़ रहे हैं. साथ ही हमारे खिलाड़ी किस स्तर पर तैयार हैं. आगामी समय में थाईलैंड में आयोजित होने वाली थाईलैंड ओपन इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप में आशाइन जुरिएल और अक्षज जायसवाल (झारखंड) का चयन किया गया है जो देश का प्रतिनिधित्व करेंगे. आशाइन जुरिएल इमा मुख्य कराटे प्रशिक्षण केंद्र संत जोसेफ क्लब रांची की खिलाड़ी है. निरंतर सभी प्रतियोगिता में अपना उम्दा प्रदर्शन कर रही है.

Related Articles

Back to top button