
Ranchi: एक ही दिन में 5578 मामलों का निष्पादन कर लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करवाने वाला झालसा 26 सितम्बर को देश का पहला इंश्योरेंस लोक अदालत आयोजित करने जा रहा है.
26 सितंबर को झारखंड देश की पहली इंश्योरेंस लोक अदालत का गवाह बनेगा. झालसा के निर्देश पर झारखंड में पहली बार इंश्योरेंस लोक अदालत का आयोजन 26 सितंबर को किया जाना है. इंश्योरेंस लोक अदालत के तहत राज्य के सभी जिला अदालतों में मोटर व्हीकल एक्ट और एमएसीटी के साथ-साथ इंश्योरेंस से संबंधित मुकदमों की सुनवाई एवं निष्पादन की कोशिश की जायेगी.
इसे भी पढ़ें – रांची SSP हुए कोरोना पॉजिटिव, राज्य में अबतक 4645 से अधिक पुलिसकर्मी हो चुके हैं संक्रमित
पक्षकारों को भेजा जा रहा नोटिस
झारखंड विधिक सेवा प्राधिकार के द्वारा इंश्योरेंस लोक अदालत की तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं. राज्य के सभी डालसा के द्वारा पक्षकारों को नोटिस भेजकर उनके मामलों के सूचीबद्ध होने की जानकारी देने की प्रक्रिया की शुरुआत कर दी गयी है.
झालसा के सचिव मो शाकिर ने बताया कि झारखंड में पहली बार लग रहे इंश्योरेंस लोक अदालत में इंश्योरेंस से संबंधित वर्षों से लंबित मामलों का निष्पादन किया जायेगा. 26 सितंबर को लगने वाले इस लोक अदालत में 10,000 से ज्यादा मामलों के सफल निष्पादन की कोशिश की जायेगी.
लोक अदालत के दौरान पक्षकारों के बीच मध्यस्थता एवं मुकदमों की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की जायेगी, वहीं लगभग एक दर्जन राष्ट्रीय इंश्योरेंस कंपनियां इस इंश्योरेंस लोक अदालत में हिस्सा लेंगी.
इसे भी पढ़ें – CGL के आवेदन को हो गये एक साल, JSSC के पास स्टूडेंट्स का अब भी फंसा है 20 करोड़ रुपया




