
Bhuvneshwar: देश में दूसरे चरण के लिए आज वोटिंग जारी है. लेकिन मतदान से पहले ओडिशा में नक्सलियों ने पोलिंग पार्टी पर हमला किया. इस दौरान एक महिला चुनावी अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई.
वहीं, एक अन्य घटना में माओवादियों ने 2 चुनावी वाहनों और एक मोटरसाइकिल में आग लगा दी. चुनाव को प्रभावित करने की ये दोनों घटनाएं माओवाद प्रभावित कंधमाल जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुईं. बता दें कि माओवादियों ने चुनाव का बहिष्कार करने का ऐलान किया है.
इसे भी पढ़ेंःदंतेवाड़ाः विधायक भीमा मंडावी की हत्या में शामिल वर्गीस समेत दो नक्सली ढेर
पोलिंग पार्टी पर हमला
महिला निर्वाचन अधिकारी की माओवादियों ने उस वक्त हत्या की, जब वह दूसरे चरण के मतदान से पहले निर्वाचनकर्मियों की एक टीम को मतदान केंद्र लेकर जा रही थीं.
पुलिस महानिदेशक बीके शर्मा ने बताया कि सेक्टर अधिकारी संजुक्ता दिगल पर बलांदपदा गांव के पास जंगल से गुजरने के दौरान हमला हुआ. और माओवादियों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी. हालांकि, चार अन्य निर्वाचनकर्मी, जो उसी वाहन में थे, वे सुरक्षित हैं.
इसे भी पढ़ेंःबैन हटते ही चुनाव आयोग पर बरसीं मायावती, पूछा- सीएम योगी पर मेहरबानी क्यों?
सीएम ने जताया दुख
पोलिंग पार्टी पर हुए हमले और महिला निर्वाचन अधिकारी की हत्या को लेकर ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक ने अपनी संवेदना प्रकट की.
ट्वीट कर उन्होंने लिखा कि माओवादी हमले का शिकार हुई संजुक्ता दिगल की मौत की खबर सुनकर दुख हुआ. मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवार के साथ है.
ज्ञात हो कि आज दूसरे चरण के लिए 12 राज्यों की 95 लोकसभा सीटों पर मतदान जारी है. इनमें सबसे ज्यादा तमिलनाडु की 38 और कर्नाटक की 14 सीटों पर मतदान होना है.
इसे भी पढ़ेंः12 राज्यों की 95 सीटों पर मतदान आज, EVM में कैद हो जाएगी इन नेताओं की किस्मत




