
Dhanbad: झारखंड की राजधानी रांची के कृष्णा पूरी स्थित चुटिया से दो दर्जन लोग पैदल चलकर शनिवार की बीती रात धनबाद के जोरापोखर थाना क्षेत्र पहुंचे. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना जोड़ापोखर थाना को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने इन लोगों की जांच कराने के बजाय इन्हें अपने थाना क्षेत्र से भागा दिया.
यहां से भगाये जाने के बाद वे लोग झरिया के बोर्रागढ़ थाना अंतर्गत भूतगढिया पहुंंचे थे. स्थानीय लोगों की सूचना पर बोर्रागढ़ थाना प्रभारी सुशील कुमार सिंह ने दो प्राइवेट गाड़ी कर पुलिस स्कॉट के साथ शनिवार की रात ही स्वास्थ्य जांच के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
इसे भी पढ़ें- देश में लगातार बढ़ रहा कोरोना का खतरा, 63 हजार के करीब पहुंचा संक्रमितों का आंकड़ा, 2 हजार से ज्याद की मौत
स्थानीय लोगों में आक्रोश
बताया जाता है कि शनिवार की रात रांची से पैदल चलकर जब दो दर्जन लोग जोड़ापोखर थाना छेत्र अंतर्गत जामाडोबा पुटकी रोड स्थित 4 नंबर मोड़ के पास पहुंंचे तो वहांं के लोगों ने भीड़ देखकर उन लोगों से पूछताछ की. पूछताछ के दौरान उन लोगों ने बताया कि रांची से पैदल चलकर बिहार के जमुई जा रहे हैं.
स्थानीय लोगों ने यह जानकारी जोड़ापोखर पुलिस को दी. जानकारी मिलते ही जोड़ापोखर पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंंची और सभी लोगों को खदेड़कर अपने थाना क्षेत्र से दूसरे थाना क्षेत्र में भेज दिया. पुलिस की इस लापरवाही से स्थानीय लोगों मे काफी आक्रोश है.
इसे भी पढ़ें- तबलीगी जमात के 2,446 सदस्यों को कॉरेंटाइन सेंटर से छोड़ने का दिल्ली सरकार ने दिया आदेश
वार्ड पार्षद ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाया सवाल
इस संबंध में स्थानीय पार्षद अनुरंजन ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह काफी निंदनीय घटना है. जब स्थानीय लोगों ने सुरक्षा की दृष्टि से मामले की जानकारी पास के थाने को दी तो पुलिस का यह कर्तव्य बनता था कि वो इनलोगों से पूछताछ कर उनकी जांच स्वास्थ्य विभाग से करवाये. लेकिन पुलिस ने यह कार्रवाई न कर अपने थाना क्षेत्र से सभी को भगाकर दूसरे थाना क्षेत्र में भेज दिया. पार्षद ने यह भी कहा कि पुलिस की इस लापरवाही से कोरोना वायरस के संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है.
इसे भी पढ़ें- #Ranchi को राहतः मई के नौ दिनों में मिले मात्र 10 मरीज, 36 हुए ठीक, तीन दिन से नया केस नहीं
बोर्रागढ़ पुलिस ने स्वास्थ्य जांच के लिए भेजा अस्पताल
वहीं बोर्रागढ़ स्थित भूतगढ़िया के स्थानीय लोगों ने कहा कि रांची से धनबाद के बोर्रागढ़ थाना क्षेत्र में आये दर्जनों लोगों को बोर्रागढ़ पुलिस ने प्राइवेट गाड़ी से स्वास्थ्य जांच कराने के लिए भेज दिया है. उन्होंने कहा कि बोर्रागढ़ पुलिस ने यह सराहनीय कार्य किया है. वहीं बोर्रागढ़ के स्थानीय लोगों ने पैदल जा रहे लोगों को नाश्ता-पानी भी करवाया.




