
Palamu : पलामू के पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष के सभागार में अपराध गोष्ठी की. अपराध गोष्ठी में सितंबर माह में हुए अपराधिक घटनाओं की समीक्षा की गई. साथ ही पुराने कांडों में की जा रही कार्रवाई पर भी विमर्श किया गया. पाया गया कि पुराने कांडों में कार्रवाई की गति काफी धीमी है.
पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने कड़े निर्देश दिए कि पुराने कांडों में भी आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गति को बढ़ाया जाय. साथ ही दुर्गा पूजा की तैयारियों की भी समीक्षा की गई. सभी थाना प्रभारियों को हिदायत दी गयी की कोविड गाइडलाइन एवं निर्देश के आलोक में दुर्गा पूजा के त्योहार को संपादित कराया जाय.
पंचायत चुनाव की तैयारियों की भी समीक्षा की गई एवं सभी थाना प्रभारियों को पंचायत चुनाव के मद्देनजर वारंट के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया गया. सभी थाना प्रभारियों को कहा गया कि सभी वारंटो को निष्पादित किया जाए एवं गैर जमानती वारंटियों को अविलंब गिरफ्तार किया जाय. वारंट निष्पादन के लिए सघन अभियान चलाने का निर्देश दिया गया.
वैसे अवर निरीक्षकों एवं सहायक अवर निरीक्षकों को चिन्हित करने का निर्देश दिया गया जो अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई में ढीले पड़े रहते हैं. वैसे पदाधिकारियों को चिन्हित कर उन पर शीघ्र कार्रवाई का निर्देश दिया गया.
नक्सलियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया एवं नक्सलियों के सक्रिय सहयोगियों को भी गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया. अपराध गोष्ठी के दौरान ही मिलने आए आम जनता की समस्या पर विमर्श थाना प्रभारियों की उपस्थिति में किया गया एवं थाना प्रभारियों को उन मामलों के निपटारे का आवश्यक निर्देश पुलिस अधीक्षक के द्वारा दिया गया.
अपराध गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) विजेंद्र कुमार मिश्रा, सहायक पुलिस अधीक्षक अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय शंकर, परीक्षण आइपीएस अधिकारी कपिल चौधरी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी छतरपुर अजय कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हुसैनाबाद पूज्य प्रकाश, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विश्रामपुर सुरजीत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी लेस्लीगंज आलोक टूटी एवं सभी थाना के थाना प्रभारी उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें : झारखंड : निजी स्कूलों की मान्यता के लिए जमीन बाध्यता और फिक्स डिपोजिट समाप्त करने की मांग




