JharkhandLead NewsRanchi

अब शिक्षक भी बन सकेंगे शिक्षा अधिकारी, बन रही नयी नियमावली

सत्र के बाद प्राथमिक शिक्षक नियुक्ति व सेवा शर्त में होगा बदलाव

Ranchi : राज्य में अब शिक्षकों को शिक्षा अधिकारी बनने का मौका मिल सकेगा. नयी नियमावली के अनुसार अब शिक्षकों को अवर शिक्षा सेवा संवर्ग व शिक्षा सेवा में प्रमोशन मिल सकेगा. साथ ही नये प्रस्ताव में प्राथमिक शिक्षक नियुक्ति के लिए परीक्षा लेने का भी प्रस्ताव है. बजट सत्र के बाद प्राथमिक शिक्षकों की संशोधित सेवा शर्त नियमावली जारी करने की तैयारी है. स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग इससे संबंधित तैयारियां कर रहा है.

प्राथमिक शिक्षा निदेशालय संशोधित प्रस्ताव तैयार कर विभाग को पहले ही भेज चुका है, जिस पर सत्र के बाद अंतिम फैसला लेना बाकी है. शिक्षकों की सेवा शर्त नियमावली में कहा गया है कि 18 वर्ष की सेवा के बाद शिक्षकों को सीमित परीक्षा में शामिल होना होगा. अभी तक प्राथमिक शिक्षकों को कुल आठ ग्रेड में प्रमोशन दिया जाता है, जो शैक्षणिक योग्यता व कार्य अनुभव पर आधारित होता है.

प्राथमिक शिक्षक नियुक्ति के दौरान 50 फीसदी पद पारा शिक्षकों के लिए आरक्षित रखने का प्रावधान नयी नियमावली में भी किया जायेगा. नियुक्ति में पांच फीसदी पद बीआरपी-सीआरपी व अन्य अनुबंध कर्मियों के लिए रखने का प्रस्ताव नियमावली में है. एक फीसदी पद भूतपूर्व सैनिक के लिए भी प्रस्तावित है.

प्राथमिक शिक्षा निदेशक भूवनेश प्रताप सिंह बताते हैं कि संशोधित प्रस्ताव बना कर प्रेजेंटेशन के लिए भेजा चुका है. इस पर बजट सत्र के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जा सकता है. हालांकि नयी नियमावली जारी की जाती है तो इसे सत्र के बाद ही जारी की जा सकेगी. इसमें शिक्षकों को अधिक से अधिक लाभ देने का प्रयास किया गया है, साथ ही उन पर से कई नियमों को सरल भी किया गया है.

ऐसे मिल सकेगा लाभ

अवर शिक्षा सेवा में 10 फीसदी व शिक्षा सेवा में पांच फीसदी पद आरक्षित किया जायेगा. इसके लिए शिक्षकों को सीमित परीक्षा में शामिल होना होगा. अवर शिक्षा सेवा संवर्ग में प्रोन्नति के बाद शिक्षक प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, शिक्षक प्रशिक्षण कॉलेज में व्याख्याता और डिप्टी डीएसइ बन सकेंगे. वहीं, शिक्षा सेवा में प्रोन्नति पाने पर अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक और जिला शिक्षा पदाधिकारी बन सकेंगे.

Related Articles

Back to top button