Bihar UpdatesELECTION SPECIALNational

बिहार चुनाव: खत्म हुआ सियासी दंगल, अब निगाहें 10 नवंबर के रिजल्ट पर

तीसरे चरण में शाम पांच बजे तक 54.06% मतदान

Patna :  बिहार विधानसभा चुनाव के तृतीय एवं अंतिम चरण के लिए शनिवार को हो रहे मतदान के तहत शाम पांच बजे तक 54.06 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया. इस तरह बिहार का सियासी दंगल समाप्त हो गया है. अब लोगों की निगाहें 10 नवंबर पर हैं. इस दिन नतीजे आयेंगे.

बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण में 78 सीटों के लिए शनिवार सुबह मतदान प्रारंभ हुआ, जहां 2.35 करोड़ मतदाता, 1,204 उम्मीदवारों के चुनावी भविष्य का फैसला करने की प्रक्रिया में भाग ले रहे हैं.

बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, शाम पांच बजे तक पश्चिमी चंपारण की विधानसभा सीटों पर हो रहे चुनाव में 52.08 प्रतिशत, पूर्वी चंपारण में 55.31 प्रतिशत, सीतामढ़ी में 52.27 प्रतिशत, मधुबनी में 54.84 प्रतिशत, सुपौल में 57.90 प्रतिशत और अररिया में 50.43 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.

इसे भी पढ़ेंः यहां मंदिर में मिली थी युवती की लाश, पुलिस कॉल डिटेल में ढूंढ रही मौत का राज

इसी प्रकार से किशनगंज जिले में स्थित विधानसभा सीटों पर हो रहे चुनाव में 59.99 प्रतिशत, पूर्णिया में 55.50 प्रतिशत, कटिहार में 52.22 प्रतिशत, मधेपुरा में 54.03 प्रतिशत, सहरसा में 55.73 प्रतिशत, दरभंगा में 53.44 प्रतिशत, मुजफ्फरपुर में 54.54 प्रतिशत, वैशाली में 49.97 प्रतिशत और समस्तीपुर में 52.76 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के मुताबिक वाल्मीकि नगर लोकसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में शाम पांच बजे तक 52.08 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. यह सीट जदयू सांसद वैद्यनाथ महतो के निधन के कारण रिक्त हुई है.

अधिकारियों ने बताया कि सभी 33,782 मतदान केन्द्रों पर सुबह सात बजे मतदान प्रारंभ हो गया और मतदान के लिए इतनी ही संख्या में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और वीवीपीएटी मशीन लगाई गई हैं.

इसे भी पढ़ेंः पूर्णिया में राजद नेता के भाई की गोली मारकर हत्या

उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाने के लिए अर्ध सैनिक बलों की तैनाती गई है. चुनाव आयोग द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकडों के अनुसार 78 विधानसभा क्षेत्रों में 2.35 करोड़ मतदाताओं में से 1.23 करोड़ पुरुष, 1.12 करोड़ महिलाएं और 894 ‘‘थर्ड जेंडर’’ के मतदाता हैं.

इस चरण में जदयू के 37, भाजपा के 35, राजद के 46 उम्मीदवार और कांग्रेस के 25 प्रत्याशी चुनावी मैदान में भाग्य आजमा रहे हैं.
बिहार विधानसभा चुनाव में सभी निगाहे राज्य में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन और विपक्षी महागबंधन के बीच कांटे के मुकाबले पर टिकी हुई है. चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन जहां सत्ता विरोधी लहर को टालने के लिए पूरा जोर लगा रहा है, वहीं राजद नीत महागठबंधन भी पूरे जोश में है.

बाल्मिकी नगर लोकसभा संसदीय सीट पर अपना कब्जा बनाये रखने के प्रयास के तहत जदयू ने दिवंगत वैद्यनाथ महतो के पुत्र सुनील कुमार को टिकट दिया है. सुनील कुमार का मुख्य मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार तथा पत्रकारिता से राजनीति में आए प्रवेश कुमार मिश्रा से है.

इसे भी पढ़ेंः बेल नहीं मिलने से निराश हैं लालू, मुलाकातियों से मिलने से किया इनकार

 

Related Articles

Back to top button