DhanbadJharkhand

समीर मंडल हत्याकांड की तेरहवीं : SIT गठन के 11वें दिन भी पुलिस को नहीं मिला हत्यारों का कोई सुराग

Dhanbad : जमीन कारोबारी समीर मंडल की हत्या के बाद तेरह दिन हो चुके. हत्याकांड की जांच के लिए गठित एसआइटी टीम के भी 11 दिन हो चुके. लेकिन पुलिस अब तक हत्यारों तक पहुंचने में विफल साबित हुई है.

समीर हत्याकांड में पुलिस अब तक 22 लाेगाें से पूछताछ कर चुकी है. दस सीसीटीवी कैमरे पुलिस खंगाल चुकी है. पुलिस ने समीर के तीन पार्टनराें के बैंक खातों को भी खंगाला है. पुलिस काे अकाउंट में हैवी ट्रांजेक्शन जैसी काेई जानकारी नहीं मिल पायी है. मृतक के पार्टनर अजय पासवान से घंटों पूछताछ हो चुकी है.

मामले में गैंगस्टर फहीम खान के भाई शेर खान को हिरासत में ले बैंकमोड़ थाने में पूछताछ की गयी. तमाम पहलुओं पर छानबीन के लिए कांड से जुड़े लोगों से पुलिस की पूछताछ जारी है. पर अभी तक पुलिस काे कोई ठाेस सबूत हाथ नहीं लग पाया है.

पुलिस समीर व उसके व्यवसायिक पाटर्नर अजय पासवान पर जमीन विवाद को लेकर दर्ज हुई प्राथमिकी खंगाल चुकी है. साथ ही समीर व अजय पासवान द्वारा भी दूसरों पर दर्ज करायी गयी प्राथमिकी की जांच की गयी है. यह पता लगाया जा रहा है कि केस-मुकदमों से किसे कितना नुकसान हो सकता था.

शुक्रवार काे भी पुलिस ने मृतक के निर्मलाकुंज स्थित आवास पर परिजनाें से मिलकर पूछताछ की. पुलिस ठोस साक्ष्य इकट्ठा कर अनुसंधान को सही दिशा में आगे बढ़ाने की कोशिश में जुटी है जबकि सवाल उठ रहे हैं कि पुलिस सही और सटीक दिशा में काम करने के बजाय पानी पर लाठी पीट रही है.

इसे भी पढ़ें : गढ़वा: रिमांड पर लेकर पूछताछ की तो जेजेएमपी उग्रवादी ने खोले राज, घर के पास से बरामद हुई राइफल

23 जुलाई को हुई थी हत्या

गौरतलब है कि जमीन कारोबारी समीर मंडल की 23 जुलाई को गोली मार हत्या कर दी गयी थी. हत्या में दो अलग-अलग पिस्टलों का प्रयोग किया गया था. उसे महज छह इंच की दूरी से सात गोलियां मारी गयी थी. इससे अत्याधिक खून बहने और अंदरुनी अंगों को नुकसान पहुंचने के कारण तत्काल समीर की जान चली गयी थी. यह खुलासा पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों ने किया.

हत्याकांड की जांच के लिए एसएसपी किशोर कौशल के निर्देश पर एसआइटी का गठन कर दिया गया है. टीम का नेतृत्व ग्रामीण एसपी अमन कुमार कर रहे हैं. हत्या के बाद से लगातार पुलिस किसी न किसी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. लेकिन, अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं.

सीसीटीवी में हत्यारे का चेहरा साफ नहीं

दस सीसीटीवी कैमरे पुलिस खंगाल चुकी है. सीसीटीवी कैमरे ने कई स्थानों पर हत्यारों को भागते कैद किया है. पर विडंबना यह है कि हत्यारों ने हेलमेट पहन रखा था. हेलमेट के कारण हत्यारों का चेहरा नहीं दिख रहा है. हत्याकांड में प्रयुक्त बाइक का नंबर प्लेट भी स्पष्ट नहीं दिख रहा है. इस कारण बाइक मालिक का पता लगाना असंभव दिख रहा है. कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के आधार पर तहकीकात पुलिस की एसआइटी टीम कर रही है लेकिन कामयाबी हाथ नहीं आयी है.

पुलिस जमीन विवाद में हत्या को स्पष्ट कारण मान रही है पर साक्ष्य के तौर पर हाथ खाली हैंं. पुलिस का कहना है कि समीर के मोबाइल से कुछ ऐसे सुराग मिले, जो मामले को गैंग्स ऑफ वासेपुर से जोड़ रहे हैं. सत्य के करीब पहुंचने के लिए शेर खान से पूछताछ की गयी. घटना से दाे दिन पूर्व समीर काे माेबाइल पर धमकी मिली थी. धमकी जिस मोबाइल नंबर से दी गयी, इसका संबंध गैंग्स ऑफ वासेपुर से हो सकता है.

इसे भी पढ़ें : झारखंड कांग्रेस में चल रहा इस्तीफे का खेल, अब तक 13 नेताओं ने दिया पद से इस्तीफा

दो पर संदेह गहराया

छह सदस्यीय टीम में डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर मुकेश कुमार, डीएसपी सीसीआर जगदीश प्रसाद, धनबाद थाना प्रभारी नवीन कुमार राय, साइबर थाना प्रभारी निरंजन तिवारी, सरायढेला थाना प्रभारी कन्हाई राम व तकनीकी सेल के अधिकारी शामिल हैं.

एसआइटी काशीटांड़ गांव के पूर्व मुखिया खेमनारायण सिंह, हाउसिंग कॉलोनी निवासी संजय जायसवाल, बरटांड़ निवासी विकास कुमार सिंह, झरिया निवासी व विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष पंकज प्रसून तिवारी, मुकेश कुमार व विकास कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर चुकी है. पुलिस ने मृतक से उनके संबंधों और कारोबार के बारे में गहन पड़ताल की. दो पर संदेह गहराया है.

एसएसपी ने कहा- जल्द होगा उद्भेदन 

एसएसपी किशोर कौशल ने कहा कि ठोस सबूत के साथ बहुत जल्द समीर मंडल हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा. एसआइटी की टीम गहरी छानबीन और ठोस साक्ष्य के साथ हत्यारों को पकड़ लेगी. अनुसंधान चल रहा है. अपराध और अपराधियों को बख्शा नहीं जायेगा.

इसे भी पढ़ें : NEWS WING IMPACT :  स्ट्रीट लाइट के 100 खुले बॉक्स हुए बंद, बीजेपी मुख्यालय से अरगोड़ा तक अब भी खुले हैं 28 बॉक्स

Related Articles

Back to top button