
Jamshedpur : शहर में शुक्रवार को एक बार फिर कोरोना के नौ केस मिले हैं. इस महीने यह तीसरा मौका है, जब नौ मरीज एक दिन में पोजिटिव पाये गये हैं. शहर के अलग-अलग हिस्सों से नौ पॉजिटिव केस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है. जिन क्षेत्रों से मरीज पाये गये हैं, उनमें मानगो एवं सोनारी क्षेत्र से तीन-तीन मरीज जबकि टेल्को से दो एवं कदमा से एक व्यक्ति शामिल हैं. कोरोना मरीजों की अचानक बढ़ी संख्या से स्वास्थ्य विभाग भी हैरान हैं. सिविल सर्जन डॉ. एके लाल ने बताया कि शुक्रवार को 4708 सैंपल कलेक्ट किये गये, जबकि 4963 की जांच की गई. उन्होंने बताया कि सात मामले आऱटीपीसीआर टेस्ट में सामने आये हैं. जबकि दो मामले ट्रूनेट टेस्ट में मिले हैं. एक दिन में इतनी संख्या में पॉजिटिव मरीज मिलने से जिले में एक्टिव केस बढ़कर 40 हो गये हैं. अगर पॉजिटिव मरीज मिलने का यही सिलसिला रहा, तो शहर में संक्रमण के शिकार लोगों की संख्या बढ़ने सो इंकार नहीं किया जा सकता. अक्टूबर माह पर्व-त्योहारों का महीना है. खासकर दुर्गा पूजा में भीड़ बढ़ जाती है. ऐसे में अगर सावधानी नहीं बरती गई तो, दुर्गा पूजा में एक मरीज स्प्रेडर का काम करेगा तथा कई लोगों को संक्रमित करेगा.
इसे भी पढ़ें – ‘मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्य, अधीक्षक, सीनियर रेजिडेंट व ट्यूटर की नियुक्ति में हुई है अनियमितता’




