Uncategorized

अवसरवादी गठबंधन पर तब कहां गयी थी आपकी (भाजपा) विचारधारा

Supriyo Bhattacharya

Ranchi: #अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कर्नाटक में मेंडेट भाजपा के लिए था और JDS और कांग्रेस ने अवसरवादी गठबंधन बनाया है. इस पर किसी पत्रकार ने उनसे कोई सवाल नहीं पूछा. मुझे हंसी आती है कि मुझ जैसा साधारण व्यक्ति इस पर बहुत सारे सवाल पूछ सकता था. इतिहास में एेसे दर्जनोंं उदाहरण मौजूद हैं, जिसमें जनसंघ से लेकर भाजपा तक ने वैसी पार्टियोंं के साथ सरकार बनायी, जिससे जनसंघ या भाजपा की विचारधारा न पहले मेल खाती थी और ना ही अब. 

01- भारत में पहली गठबंधन सरकार जनसंघ और मुस्लिम लीग की बंगाल में बनी थी. जिसमें मुख्यमंत्री मुस्लिम लीग के थे और वित्त मंत्री परम आदरणीय श्री श्यामा प्रसाद मुखर्जी थे.  क्या मुस्लिम लीग और जनसंघ की विचारधारा समान थी ?

02- अकाली दल ने संविधान की कॉपी जलायी थी और आप स्वयं को राष्ट्रवादी बोलते हो, क्या संविधान की अवमानना करने वालों के साथ आपका गठबंधन जायज है ?

03- 1975 में इंदिरा गांधी के विरुद्ध पूरा विपक्ष एकजुट हो गया था. 1977 में जो सरकार बनी उसमें लेफ्ट, मुस्लिम लीग और जनसंघ शामिल था. क्या तब आपकी विचारधारा लेफ्ट और मुस्लिम लीग से मेल खाती थी ?

04- 1989 में जब आपने लेफ्ट के साथ वीपी सिंह सरकार को समर्थन दिया था. क्या तब आपकी विचारधारा उन सब दलों से मेल खाती थी, जो वीपी सिंह सरकार में थे ? 

05-1996 और 1999 में आपने ममता, करुणानिधि, चंद्रबाबू नायडू, फ़ारूख अब्दुल्ला, नीतीश कुमार, पासवान और 31 अन्य दलों के साथ मिलकर जो अटल सरकार बनायी थी, उन सबकी विचारधारा आपसे मिलती थी ? 

06- जम्मू कश्मीर में आपने पूरे चुनाव में बाप बेटा और बाप बेटी को गाली देकर प्रचार किया. बाप बेटे की नेशनल कांफ्रेंस की चुनाव में सबसे अधिक सीट आयी. आपने बाप-बेटी की पीडीपी से पोस्ट पोल अलायंस कर लिया. वो पीडीपी जो खुलेआम पाकिस्तान समर्थक हैं. जिसने सदा अफजल गुरु को शहीद बोला है. जिसका ऑन रिकार्ड स्टेटमेंट है कि जब कोई भारतीय सैनिक मरता है, तो मेरे घर में ईद होती है. उसके साथ आपने दो ध्वज के सामने सरकार बनायी, वो आपकी विचारधारा से मेल खाती है ? 

07- बिहार में आपने पूरे प्रचार में नीतीश कुमार को और नीतीश कुमार ने आपको गालियां दी. आपने उनके डीएनए को गड़बड़ बोल दिया, नीतीश जी ने संघ मुक्त भारत की कसम खा ली. आपने गठबंधन की सरकार गिराकर बड़े दल राजद को सरकार नहीं बनाने दी और स्वयं नीतीश के साथ सरकार बना ली. क्या वो आपकी विचारधारा से मेल खाता है ? 

08- गोवा में कांग्रेस पार्टी सबसे अधिक सीट जीतकर आयी. आपने एक ऐसे दल के साथ चुनाव के बाद गठबंधन किया जो बना ही आपके विरुद्ध था. आपने राज्यपाल को कांग्रेस को न्योता नहीं देने दिया और कांग्रेस के विधायक से इस्तीफा दिलाकर सरकार बना ली.  क्या वो गठबंधन समान विचारधारा का था ? 

09- आपने मणिपुर में कांग्रेस को सरकार नहीं बनाने दी. कांग्रेस केवल तीन सीट दूर  थी बहुमत से और आप दस सीट दूर थे. आपने तिकड़मों से वहां सरकार बना ली, क्या यह आपकी विचारधारा के अनुकूल है ? 

10- मेघालय में आपकी केवल दो सीट थी, कांग्रेस वहां सबसे बड़ी पार्टी थी.  राज्यपाल ने फिर भी आपकी सरकार बनवा दी. यह भी आपकी विचारधारा के अनुकूल है ? 

डिस्क्लेमरः लेखक, सुप्रियो भट्टाचार्या झामुमो के केंद्रीय मगासचिव हैं. यह लेख उनके फेसबुक पेज से साभार लिया गया है.लेख में उल्लेखित सूचना व तथ्य की सटीकता, संपूर्णता, व्यावहारिकता अथवा सच्चाई के प्रति newswing.com उत्तरदायी नहीं है. यह इनके निजी विचार हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button