
Mumbai : पश्चिम बंगाल में हुई हिंसा में भाजपा का हाथ है. भगवा पार्टी अगर देश में औपचारिक रूप से आपातकाल लगा दे तो कोई आश्चर्य नहीं होगा. यह आरोप महाराष्ट्र एनसीपी अध्यक्ष जयंत पाटील ने लगाया है. पश्चिम बंगाल में हुई चुनावी हिंसा के लिए महाराष्ट्र एनसीपी अध्यक्ष जयंत पाटील ने भाजपा को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के लिए भाजपा दंगे करवाती है. भाजपा का ऐसा इतिहास रहा है.
इसे भी पढ़ेंः प्रधानमंत्री मोदी ने आखिरी चुनावी जनसभा में कहा, अबकी बार 300 पार, फिर एक बार मोदी सरकार
पश्चिम बंगाल की हिंसा के पीछे भाजपा का हाथ
महाराष्ट्र एनसीपी अध्यक्ष ने भाजपा पर आरोप लगाया कि देश में चल रहे आम चुनावों में हार को भांपते हुए भगवा पार्टी जानबूझ कर आपातकाल जैसी स्थिति पैदा कर रही है. पाटील ने ट्वीट किया कि अलग-अलग सबूतों से यह साबित होता है कि पश्चिम बंगाल की हिंसा के पीछे भाजपा का हाथ है. एक वीडियो में स्पष्ट रूप से पंडित विद्यासागर की मूर्ति को तोड़ते हुए देखा जा सकता है.
उन्होंने एक दूसरे ट्वीट में कहा, देश में चल रहे आम चुनाव में हार को भांपते हुए भाजपा जान-बूझकर आपातकाल जैसी स्थिति पैदा कर रही है. अगर भाजपा आने वाले समय में औपचारिक तौर पर आपातकाल लागू करती है तो यह कोई अचंभे की बात नहीं होगी. भाजपा प्रवक्ता केशव उपाध्याय ने एनसीपी अध्यक्ष जयंत पाटील के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा ने पूरे देश में शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव लड़ा है.
इसे भी पढ़ेंः भारतीय जनता पार्टी इन चुनावों में 100 के आंकड़े को भी पार नहीं कर पाएगी : ममता बनर्जी




