
Chaibasa: सुरक्षा बल और माओवादी दस्ते के बीच बुधवार को टोंटो थाना के रेंगड़ाहातु जंगल मे मुठभेड़ हो गई. मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बल को भारी पड़ता देख माओवादी जंगल का फायदा उठाते हुए भाग निकले. वहीं पुलिस और सीआरपीएफ के टीम सर्च ऑपरेशन चला रही है.
इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक अजय लिंडा ने कहा कि सरजामबूरु एवं तुमबाहाका क्षेत्र में संयुक्त रुप से सीआरपीएफ 174 बटालियन ,60 बटालियन, 197 बटालियन ,157 बटालियन, झारखंड जगुआर , 209 कोबरा बटालियन एवं जिला पुलिस बल के द्वारा भाकपा माओवादियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा था.
उक्त अभियान के दौरान भाकपा माओवादियों तथा कोबरा के बीच टोंटो थाना क्षेत्र अंतर्गत रेंगडाहातु के घने जंगलों में मुठभेड़ हुई. उक्त मुठभेड़ में कोबरा बटालियन को भारी पड़ता देख माओवादी घने जंगलों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे. इसके बाद सर्च ऑपरेशन चलाया गया .
इसे भी पढ़ें – न्यायिक जांच पर रूपा तिर्की के पिता को नहीं भरोसा, कहा- सीबीआइ जांच ही एकमात्र विकल्प
सर्च ऑपरेशन के दौरान अपने ही राइफल से कोबरा 209 बटालियन के हेड कॉन्स्टेबल एन एस मित्तेई को दाहिने पैर के एड़ी में बुलेट इंजरी लगी. जिसे बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया है. वह अभी बिल्कुल ठीक हैं.
भाकपा माओवादियों के विरुद्ध अभियान जारी है. वहीं जानकारी के अनुसार टोंटो क्षेत्र में हार्डकोर नक्सली मोछू का दस्ता सक्रिय है. संभवत मोछू के दस्ते के साथ ही कोबरा बटालियन के मुठभेड़ हुई है. कुछ समय से मोछू का दस्ता टोंटो , बरकेला , गोइलकेरा समेत आसपास क्षेत्रों में सक्रिय रहकर संगठन चला रहा है. इसी सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों के द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था. जिसके बाद मुठभेड़ की घटना हुई है.
इसे भी पढ़ें – भाकपा माओवादी का हार्डकोर नक्सली उदय उरांव गिरफ्तार




