Crime NewsLead NewsNationalTOP SLIDER

कांग्रेस विधायक के काफिले पर नक्सलियों का हमला, एक जवान शहीद, अफसर घायल

छोटेडोंगर थाना क्षेत्र के अमदई घाटी में आईटीबीपी और नक्सलियों के बीच मुठभेड़

Raipur : छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) का एक जवान शहीद हो गया है. इसके अलावा एक अधिकारी घायल हुआ है.

नारायणपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि जिले के छोटेडोंगर थाना क्षेत्र के अमदई घाटी में आईटीबीपी और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है. इसमें आईटीबीपी का जवान शिव कुमार मीणा शहीद हो गया तथा एक सहायक उप-निरीक्षक घायल हो गया है.

इसे भी पढ़ें :खगड़िया के बारुण गांव में तेज कटाव, बांध की मरम्मत में जुटा प्रशासन

नारायणपुर क्षेत्र के कांग्रेस के विधायक हैं चंदन कश्यप

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नारायणपुर क्षेत्र के कांग्रेस के विधायक चंदन कश्यप के काफिले की सुरक्षा के लिए आईटीबीपी के जवानों को तैनात किया गया था. कश्यप का काफिला जब अमदई घाटी में डोंगर हिल्स के करीब से गुजर रहा था, तभी कुछ नक्सलियों ने जवानों पर हमला कर दिया. इस घटना में जवान मीणा शहीद हो गया तथा एक सहायक उप-निरीक्षक घायल हो गया. उन्होंने बताया कि नक्सलियों के हमले के बाद सुरक्षा बल के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की.

कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजा गया. घायल जवान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है.

इसे भी पढ़ें :महंगाई पर सियासत, कांग्रेस निकाल रही साइकिल रैली, भाजपा कह रही- वैट में हो कमी

वाहनों को जला कर ‘सुपरवाईजर’ की हत्या की थी

राज्य के नक्सल प्रभावित इस जिले में इस महीने की तीन तारीख को भी नक्सलियों ने अमदई क्षेत्र स्थित लौह अयस्क खदान क्षेत्र में हमला कर वाहनों को जला दिया था और ‘सुपरवाईजर’ की हत्या कर दी थी.

इसे भी पढ़ें : पटना सहित बिहार के 7 शहरों में शुरू हुई जेईई मेन की परीक्षा, कड़े नियमों का हो रहा पालन

Related Articles

Back to top button