
Ranchi: केतारीबगान के रहने वाले राजेश कुमार सिंह ने नामकुम थानेदार पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. राजेश कुमार ने आइजी को एक लिखित शिकायत के माध्यम से नामकुम थानेदार पर अपराधी को संरक्षण देने, प्राथमिकी दर्ज नहीं करने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाया है.
आईजी को लिखित शिकायत में बताया है कि वर्ष 2018 में स्कूल खोलने के उदेश्य से बेला लोहार से जमीन खरीदी थी. म्यूटेशन के बाद निर्माण कार्य पूरा होने के पश्चात वर्ष 2019 से स्कूल शुरू किया गया. बीते मार्च में जमीन के पूर्व मालिक बेला लोहार नशे में धुत होकर करीब एक दर्जन अज्ञात लोगों के साथ लाठी डंडे हथियार से लैंस होकर स्कूल पहुंचा और गाली गलौज करने लगा. इनलोगों ने जमीन खाली करने को कहा खाली नहीं करने पर 20 लाख रुपये की मांग की गयी. अन्यथा जान से मारने की धमकी दी. बीते 27 मई को भी पुनः बेला लोहार अज्ञात लोगों के साथ स्कूल पहुंचकर दो दिन में 20 लाख रुपये पहुंचाने का धमकी दी. अन्यथा गोली मारकर हत्या करने की धमकी दी गयी. मामले को लेकर नामकुम थाना में 28 मई को लिखित शिकायत की गयी. पुलिस द्वारा कार्रवाई का भरोसा दिया गया, साथ ही एसआई बाबूलाल टुडू का मोबाइल नंबर भी दिया गया. 29 जून को बेला लोहर सुबह सात बजे जब बच्चे स्कूल पहुंच रहे थे. उसी समय करीब दो दर्जन अपराधियों के साथ हथियार से लैस होकर पहुंचा. मामले की सूचना एसआई बाबूलाल टूडु को फोन पर दी गयी. एसआई थाना में बल की कमी बताकर नहीं आया, और 9 बजे थाना बुलाया. 9 बजे थाने पहुंचे, काफी इंतजार के बाद 1 बजे दोपहर थाना प्रभारी आये, मामले की जानकारी थाना प्रभारी को दी गयी तो कार्रवाई करने से इंकार कर दिया. सिविल विवाद बताकर स्कूल बंद करने की सलाह दे डाली. साथ ही थानेदार ने कहा स्कूल खोलने पर जान माल की हानि हो सकती है. हम मदद नहीं कर सकते.




