
Giridih : बरगंडा स्थित नया पुल के समीप गोवंश लोड कर ले जा रहे एक ऑटो को आग के हवाले कर दिया गया. वही एक ऑटो का शीशा तोड़ दिया गया. मुफ्फसिल थाना इलाके के सिहोडीह के आम बगान के समीप गोवंश ले जा रहे ऑटो का शीशा तोड़ने की बात कही जा रही है.
घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ अनिल सिंह और मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनय राम पुलिस जवानों के साथ घटनास्थल पहुंचे. और स्थिति को नियंत्रित किया. इधर जिस ऑटो में आग लगाई गई उस ऑटो बैकअप दे रहे दो युवकों की भी जमकर पिटाई की गई. जख्मी दोनों युवकों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दोनों युवकों को पुलिस ने सुरक्षित निकाल कर सदर अस्पताल भेजा है, जहां दोनों का इलाज किया जा रहा है.
पीटाई से जख्मी युवकों की पहचान मो. कैफी खान और मो. आसिफ के रुप में की गई है. दोनों युवक शहर के गद्दी मोहल्ला के रहने वाले हैं. स्थानीय लोगों बताया कि दोनों कैफी और आसिफ एक गोवंश से लदे ऑटो को पीछे से संरक्षण दे रहे थे. दोनो युवकों ने पुलिस को बताया है कि ऑटो से उनका कोई संबंध नहीं है.
जानकारी के अनुसार बेंगाबाद रुट से दो अलग-अलग ऑटो में गोवंश को लोड कर शहर की तरफ पहुंचाया जा रहा था. दोनों ऑटो में बिचाली के ढेर में गोवंश को छिपाकर रखा गया था. इसमें एक गोवंश लोड ऑटो ने सिहोडीह के समीप किसी को टक्कर मार दिया, और वहां से भागने लगा, इसी दौरान सिहोडीह के कुछ युवक उस ऑटो का पीछा किया. जब युवकों ने ऑटो का जांच किया तो एक गोवंश लोड पाया.
भीड़ का फायदा उठाकर ऑटो में सवार चालक समेत दो भागने में सफल रहे. जिसके बाद ऑटो को आग लगा दिया गया. इधर गोवंश से लोड दुसरा ऑटो जब नया पुल के समीप पहुंचा तो एलआईसी कार्यालय के समीप जलते ऑटो को देखकर वापस बेंगाबाद की और जाने लगा. जिसके बाद स्थानीय युवकों ने इस ऑटो को रोक कर इसकी जांच की तो उसमें गोवंश मिला जिसके बाद ऑटो का शीशा तोड़ दिया गया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.




