
Mumbai: 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले की यादें 11 सालों बाद भी ताजा है. हमले की डरावनी यादें आज भी लोगों के जहन में ताजा है. इस आतंकी हमले के वक्त मुंबई ही नहीं पूरे देश दहशत में आ गया था.
इस दौरान 10 आतंकियों ने करीब 60 घंटे तक मुंबई में खूनी खेल खेलते हुए 166 निर्दोष लोगों की जान ले ली थी और सैकड़ों को घायल कर दिया था.
इसे भी पढ़ेंः#MaharashtraPolitics: कल शाम 5 बजे तक फडणवीस सरकार को देना होगा फ्लोर टेस्ट, SC का फैसला
मंगलवार को 26/11 हमले की 11वीं बरसी पर हमले में मारे गए 166 लोगों को श्रद्धांजलि दी गयी. इस हमले में शहीद हुए जवानों को भी श्रद्धांजलि दी गयी.
राष्ट्रपति-उपराष्ट्रपति ने दी श्रद्धांजलि
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मुंबई हमले की 11वीं बरसी पर ट्विटर के जरिये श्रद्धांजलि दी.
मुंबई आतंकी हमलों की 11वीं बरसी पर, हम सभी संतप्त व्यक्तियों और परिवारों को याद करते हैं। एक कृतज्ञ राष्ट्र उन सुरक्षाकर्मियों को सलाम करता है जिन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया। हमारा यह दृढ़ संकल्प है कि हम हर प्रकार के आतंकवाद को परास्त करेंगे।
— President of India (@rashtrapatibhvn) November 26, 2019
उन्हें ट्वीट कर कहा कि, “मुंबई आतंकी हमलों की 11वीं बरसी पर, हम सभी संतप्त व्यक्तियों और परिवारों को याद करते हैं. एक कृतज्ञ राष्ट्र उन सुरक्षाकर्मियों को सलाम करता है जिन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया. हमारा यह दृढ़ संकल्प है कि हम हर प्रकार के आतंकवाद को परास्त करेंगे.“
वहीं उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने मुंबई में 2008 मे हुए आतंकवादी हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मंगलवार को कहा कि कृतज्ञ राष्ट्र उनके बलिदान को हमेशा याद रखेगा.
2008 में मुंबई में हुए कायरतापूर्ण आतंकवादी हमलों की वार्षिकी के अवसर पर हताहत नागरिकों की स्मृति को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। #MumbaiTerrorAttack
— Vice President of India (@VPSecretariat) November 26, 2019
नायडू ने ट्वीट कर कहा, “2008 में मुंबई में हुए कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले की वर्षी के मौके पर हताहत नागरिकों की स्मृति को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं.”
इसे भी पढ़ेंःBJP पर कांग्रेस का निशाना, कहा- पैसातंत्र को बढ़ावा देने के प्रयास में सत्ता में बैठे लोग
उन्होंने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए कहा, “आतंकवादियों के खिलाफ़ कार्यवाही में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सुरक्षाकर्मियों के त्याग को कृतज्ञ देश सदैव सम्मानपूर्वक याद करेगा. मेरी विनम्र श्रद्धांजलि.”
महाराष्ट्र के सीएम देवेन्द्र फडणवीस ने शहीदों को किया नमन
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने मुंबई हमले में मारे गये लोगों को श्रद्धांजलि दी. मुम्बई हमले की 11वीं बरसी पर दक्षिण मुंबई के मरीन लाइन्स इलाके में पुलिस स्मारक स्थल पर आयोजित माल्यार्पण समारोह में मुख्यमंत्री ने शिरकत की.
महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, मुख्य सचिव अजोय मेहता, पुलिस माहनिदेशक सुबोध कुमार जायसवाल, मुम्बई पुलिस आयुक्त संजय बार्वे और अन्य पुलिस अधिकारी और शहीदों के परिजन भी यहां मौजूद थे.
वहीं मुख्यमंत्री ने ट्विटर पर मुंबई हमले पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, ‘‘ सेना, पुलिस के साथ आओ हम सब मिलकर देश की सुरक्षा हेतु अपना योगदान दे!’’
हमले में मारे गये थे 166 लोग
गौरतलब है कि 26 नवम्बर 2008 को पाकिस्तान से आए भारी हथियारों से लैस 10 आतंकवादियों द्वारा मुम्बई में किए गए घातक हमले में सुरक्षाकर्मियों और विदेशियों सहित 166 लोगों की जान चली गई थी. हमले में 300 से अधिक लोग घायल हुए थे.
बता दें कि महानगर के पुलिस आयुक्त संजय बार्वे ने सोमवार को कहा था कि शहर की पुलिस 26/11 हमले जैसी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और नगरीय आतंकवाद से निपटने के लिए अपने लोगों और त्वरित कार्रवाई टीमों (क्यूआरटी) को प्रशिक्षित किया जा रहा है.
उन्होंने कहा था कि महानगर की सड़कों और अन्य जमीनी परिसंपत्तियों की सुरक्षा कमांडो, आधुनिक हथियार प्रणाली और ‘मार्क्समैन’ जैसे बख्तरबंद वाहनों सहित अत्यंत प्रशिक्षित कर्मियों द्वारा की जा रही है.
इसे भी पढ़ेंः#Maharashtra: 72 हजार करोड़ के सिंचाई घोटाले में अजित पवार को क्लीनचिट, SC में NCP-शिवसेना-कांग्रेस ने दी चुनौती




