
Ranchi: झारखंड सरकार राज्य के एकलव्य मॉडल स्कूलों की सूरत को संवारने में लग गयी है. इसके लिये झारखंड स्टेट बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन लिमिटेड, रांची (JSBCC) ने पहल की है. JSBCC ने राज्य के विभिन्न जिलों में स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय स्कूलों में मल्टीपर्पस ऑडिटोरियम तैयार करने का प्लान तय किया है. इसके लिये रांची, लोहरदगा, गुमला, पाकुड़, दुमका, गोड्डा और साहेबगंज को चुना गया है. साथ ही सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, पलामू, लातेहार, गिरिडीह औऱ चतरा जिले के स्कूल को भी तय किया है. इस ऑडिटोरियम में 500 स्टूडेंट्स-लोगों के बैठने की क्षमता होगी. इसके अलावे रांची यूनिवर्सिटी में आदिवासी लड़कियों के लिये गर्ल्स हॉस्टल भी बनाया जायेगा. इन कार्यों के निर्माण के लिये JSBCC ने ई-प्रोक्योरमेंट नोटिस भी जारी कर दिया है.
कितनी आयेगी लागत
रांची, लोहरदगा, गुमला, सरायकेला खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम जिले में एकलव्य मॉडल आवासीय स्कूलों में मल्टीपर्पस ऑडिटोरियम बनाने पर 7 करोड़ 8 लाख 38 हजार 339 रुपये (प्रति ऑडिटोरियम) व्यय होने की उम्मीद है. इसका निर्माण पूरा करने पर 10 महीने का समय लगेगा. इन जिलों के अलावे पाकुड़, दुमका, गोड्डा और साहेबगंज में बनने वाले एकलव्य स्कूल के ऑडिटोरियम पर 9 करोड़ 44 लाख 51 हजार 118 रुपये (प्रति ऑडिटोरियम) की लागत आयेगी. 11 महीने में इसे तैयार किया जायेगा. पलामू, लातेहार, गिरिडीह और चतरा में बनने वाले ऑडिटोरियम (प्रति ऑडिटोरियम) पर 4 करोड़ 72 लाख 25 हजार 559 रुपये का खर्च आयेगा. 9 महीने में इस काम को पूरा किया जायेगा.
एकलव्य स्कूलों में ऑडिटोरियम के अलावे JSBCC ने रांची यूनिवर्सिटी कैंपस, रांची में ट्राइब लड़कियों के लिये 80 बेड के एक हॉस्टल बनाने का भी प्रोग्राम तय किया है. इसके लिये जारी टेंडर में बताया गया है कि इसे 9 महीने में तैयार किया जायेगा. इस पर 3 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत आनी है.
टेंडर के लिये ये हैं शर्तें
JSBCC के मुताबिक ऑडिटोरियम और हॉस्टल बनाने के कार्यों के लिये 22 अगस्त से बिड जमा किया जाना आरंभ होगा. 12 सितंबर 2022 तक इसके लिये आखिरी समय सीमा तय की गयी है. 14 सितंबर को इसे खोला जायेगा. विस्तृत जानकारी के लिये वेबसाइट www.jharkhandtenders.gov.in देखें. हेल्पलाइन नंबर 0651-2446259 से भी जानकारी ली जा सकती है.




