
Giridih: सीएम हेमंत सोरेन से पूछताछ लेकर ईडी के समन और कांग्रेस के दो विधायकों के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी के बाद यूपीए महागठबंधन का गुस्सा शनिवार को गिरिडीह में भी फूट पड़ा. भाजपा के खिलाफ यूपीए के महागठबंधन के दलों ने शनिवार को शहर में शक्ति प्रदर्शन करते दिखे. इस दौरान सदर विधायक सुद्विया कुमार सोनू और गांडेय विधायक सरफराज अहमद के नेतृत्व में जेएमएम और कांग्रेस के नेताओ और कार्यकर्ताओं ने पहले शहर में जुलूस निकाल कर ईडी और आयकर विभाग की कारवाई का जमकर विरोध किया. बाद में जुलूस शहर भ्रमण के बाद टावर चौक पहुंचा जहां निर्माणाधीन नगर निगम कार्यालय के बाहर धरना दिया. जुलूस में बड़े पैमाने पर जेएमएम समर्थक परंपरागत नगाड़ा और तीर धनुष के साथ शामिल हुए. भाजपा के खिलाफ उन्होंने जमकर प्रदर्शन किया.
इसे भी पढ़ें: धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज में दूसरे राउंड के तहत 15 से 18 नवंबर तक होगा नामांकन

दोनों दलों के कार्यकर्ताओं और सर्मथकों के निशाने पर पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह खूब रहे. इस मौके पर सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि राज्य की चुनी हुई सरकार को भाजपा ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग का सहारा लेकर गिराने के प्रयास में है. सदर विधायक ने कहा कि गैर भाजपा शासित राज्यों के सरकार को गिराने के खिलाफ भाजपा की साजिश को यूपीए अब नाकाम करेगी क्योंकि इसका जवाब अब जनता ही भाजपा को देगी. इधर धरना को गांडेय विधायक सरफराज अहमद के साथ जेएमएम जिला अध्यक्ष संजय सिंह और कांग्रेस जिला अध्यक्ष नरेश वर्मा ने भी संबोधित किया. यूपीए के इस प्रदर्शन से शहर में रोड जाम के हालात पैदा नही हो, इसे लेकर नगर थाना पुलिस भी मुस्तैद रही. जुलूस और प्रदर्शन में इस दौरान जेएमएम के जिला अध्यक्ष संजय सिंह, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष नरेश वर्मा के साथ जेएमएम नेता अजीत कुमार पप्पू, शाहनवाज अंसारी, गौरव कुमार, अभय सिंह, राकेश सिंह टुन्ना, रॉकी सिंह, आनंद मिश्रा के साथ कांग्रेस नेता सतीश केडिया, सद्दाम हुसैन, महमूद अली खान लड्डू समेत कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए.




