
Ranchi/Dhanbad: धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में पहले चरण का एडमिशन राउंड खत्म हो गया है. इसके साथ ही अब दूसरे चरण के एडमिशन की तैयारी की जा रही है. प्रबंधन की मानें तो मेडिकल कॉलेज में स्टेट कोटा के लिए अब 15 से 18 नवंबर के बीच दूसरे राउंड के तहत एडमिशन लिया जायेगा. इस बार भी मेडिकल कॉलेज में कुल 50 एमबीबीएस सीटों पर एडमिशन हो रहा है. इसमें 7 सीटें सेंट्रल कोटा के लिए आरक्षित है. जिसमें 3 पर एडमिशन अब तक हो गया है. वहीं 43 सीटें स्टेट कोटा के लिए आरक्षित हैं. इसमें 30 एमबीबीएस सीटों पर एडमिशन हुआ है. अब 15 से 18 के बीच में बाकी 13 सीटों पर एडमिशन की प्रक्रिया चलेगी.
इसे भी पढ़ें: धनबाद में कोयला तस्करों का बोलबाला, सीओ को पीटा, ड्राइवर के ससुराल में छिप कर बचाई जान
वहीं सेंट्रल कोटा की चार एमबीबीएस सीटों पर एडमिशन 11 से 15 नवंबर के बीच चलेगा. जानकारी हो कि चार नवंबर तक ही पहले चरण के तहत एडमिशन प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है. बता दें नामांकन लेने वाले एमबीबीएस के छात्रों को कॉलेज प्रबंधन की ओर से हॉस्टल मुहैया कराया जा रहा है. हॉस्टल के लिए हर महीने 600 रुपये विद्यार्थियों को देने होंगे. वहीं खाने के लिए ढाई हजार रुपये प्रति माह देने होंगे.




