ChatraJharkhandLead NewsNEWS

प्रेरकः सर्फ और साबुन से बेरोजगारी का दाग धो रही हैं चतरा की महिलाएं

सिमरिया के एदला गांव की महिलाएं सर्फ और साबुन बनाकर कर रही आर्थिक उपार्जन

Dharmendra pathak

Chatra : महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहीं हैं. चतरा की महिलाओं ने ग्रुप बनाकर सर्फ और साबुन का निर्माण करके वो कर दिखाया, जो मिसाल बन रहा है. गरीबी का दंश झेल रही महिलाओं ने ग्रामीण विकास विभाग-झारखंड सरकार की तरफ से जेएसएलपीएस विभाग की मदद से साबुन और सर्फ का निर्माण कर बेरोजगारी के दाग को धो रही है. साथ ही आर्थिक रूप से संपन्न हो रही है.

 

सर्फ और साबुन से रोजगार

जिले के सिमरिया प्रखंड अंतर्गत एदला गांव इन दिनों सुर्खियों में है. इस गांव की महिलाएं सहायता समूह से जुड़कर कम कीमत में ग्लिसरीन युक्त सर्फ और साबुन का निर्माण कर रहीं हैं. क्वालिटी की बात की जाए तो गांव में निर्मित यह सर्फ और साबुन बड़ी-बड़ी कंपनियों को टक्कर दे रहा है. उत्पादक समूह से जुड़ी इन महिलाओं के जीवन में भी अब बदलाव देखने को मिल रहा है.

 

महिला आर्थिक सशक्तिकरण

गांव-घर में ही स्वरोजगार मिलने से महिला आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल रहा है. इनका मानना है कि प्रधानमंत्री के वोकल फोर लोकल के आह्वान ने भी इनके काम को बहुत आसान बना दिया है. मामले में जेएसएलपीएस प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक-राहुल रंजन पांडेय बताते हैं कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सरकार की ओर से कई तरह की योजनाएं चलाई जा रही हैं. सिमरिया ब्लॉक में फिलहाल 16 हजार महिलाओं को झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के अंतर्गत समूह से जोड़ा गया है.

 

मार्केटिंग का भी पूरा खाका तैयार

सर्फ और साबुन निर्माण से जुड़ी इन महिलाओं ने उत्पादन के बाद मार्केटिंग का भी पूरा खाका तैयार कर लिया है. बहुत जल्द ही स्थानीय बाजारों के साथ बड़े-बड़े डिपार्टमेंटल स्टोर में भी यह सर्फ और साबुन एक बेहतरीन ब्रांडिंग के साथ उपलब्ध रहेंगे.

Related Articles

Back to top button