
Gopalgunj: जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के सासामुसा NH 27 पर ओवरब्रिज के समीप देर रात एक ट्रक ने बाइक सवार चार लोगों को कुचल दिया. इस घटना में माँ बेटे की दर्दनाक मौत हो गई. जबकि दो लोग जख़्मी हो गए,दोनों घायलों को सदर अस्पताल में इलाज कराया गया. मृतकों में अर्जुन राम की पत्नी ममता देवी व डेढ़ वर्षीय बेटा रितेश शामिल है. फिलहाल पुलिस ने दोनों शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.
घटना के सन्दर्भ मे बताया जाता है की यूपी के कुशीनगर जिले के श्री राम मठिया गांव निवासी अर्जुन राम की शादी वर्ष 2017 में माँझा थाना क्षेत्र के मड़वा टोला निवासी ममता से हुई थी. शादी के तीन साल बीत जाने के बाद बच्चा नहीं हो रहा था जिसको लेकर मृतक़ा ममता ने मायके में स्थित काली स्थान पर पुत्र प्राप्ति की मन्नत मांगी थी. मन्नत पूरी होने बाद पूजा करने के लिए अपने मायके आई थी. वापस अपने चचेरे भाई पंकज कुमार और अंकुश कुमार के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर यूपी अपने ससुराल जा रही थी जैसे ही वह कुचायकोट थाना क्षेत्र के सासामुसा के पास पहुंची तभी तेज रफ्तार से आ रही एक ट्रक ने कुचल दिया. इस हादसे में महिला और उसे डेढ़ वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई. वहीं मृतक़ा के दोनों चचेरे भाई मामूली रूप से जख़्मी हो गए. पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर ट्रक को जब्त कर लिया गया.




