National

मंत्री का बेतुका बयानः केकड़ों के कारण टूटा तिवारे डैम, हादसे में हुई थी 23 लोगों की मौत

Mumbai: बीते दिनों भारी बारिश के कारण रत्नागिरी में तिवारे डैम के टूट जाने से 23 लोगों की मौत हो गई. अब घटना को लेकर फडणवीस सरकार के मंत्री तानाजी सावंत ने अजीब-सा तर्क दिया है.

जल संसाधन मंत्री तानाजी सावंत ने कहा है कि रत्नागिरी जिले में स्थित तिवारे डैम टूटने की वजह बांध में पाए जाने वाले केकड़े हैं. शिवसेना विधायक तानाजी सावंत 16 जून को महाराष्ट्र मंत्रिमंडल में शामिल हुए हैं.

इसे भी पढ़ेंःआवास योजना का हाल बेहाल, झारखंड में 2022 तक गरीबों के लिए बनाने हैं 1,67,359 आवास, बने हैं मात्र 73,864

केकड़ों के कारण टूटा डैम

डैम टूटने के पीछे तर्क देते हुए मंत्री सावंत ने कहा कि तिवारे डैम में बड़ी संख्या में केकड़े पाए जाते हैं, जिन्होंने डैम की दीवार में छेद कर दिया. इस कारण पानी का लीकेज हुआ और इसी के कारण बांध की दीवार टूट गई.

पूरे मामले को लेकर जल संसाधन मंत्री तानाजी सावंत का एक वीडियो वायरल हो रहा है. जिसमें तानाजी सावंत ये कहते हुए दिखाई दे रहे हैं, “नहीं, नहीं ये ऐसा नहीं है, ये डैम 2004 में काम करने लगा था, इसमें पिछले 15 साल से पानी जमा किया जा रहा था, लेकिन तबतक कुछ नहीं हुआ. ऐसा नहीं है कि ये डैम कुछ समय तक खाली था, फिर इसमें पानी संग्रह किया गया और फिर इससे पानी रिसने लगा.
इस डैम में केकड़ों की बड़ी समस्या है, इसी वजह से इस बांध में लीकेज हुआ…गांव वालों ने डैम से जुड़ी जो भी समस्या सिंचाई विभाग को बताई उसका तुरंत निदान किया गया, लेकिन जो कुछ भी हुआ है वो दुर्भाग्यपूर्ण है.”

उल्लेखनीय है कि भारी बारिश के बाद 2-3 जुलाई की रात को महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले में स्थित तिवारे डैम टूट गया था. इस घटना में 23 लोग बह गए, जिसमें से 20 की लाश मिल चुकी है, जबकि 3 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं.

इसे भी पढ़ेंःइंदिरा गांधी के बाद बजट पेश करने वाली देश की दूसरी महिला होंगी निर्मला सीतारमण

Related Articles

Back to top button