
Mumbai: देश में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. पिछले 24 घंटें में रिकॉर्ड 9 हजार से अधिक नये केस सामने आये हैं,और इसके साथ ही कोरोना पॉजिटिव का आंकड़ा 2 लाख 16 हजार से अधिक हो चुका है.
वहीं सबसे ज्यादा बुरी स्थिति महाराष्ट्र की है. राज्य में संक्रमण के केस 75 हजार के करीब पहुंच चुके हैं. राज्य में संक्रमण की गति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले 24 घंटे में यहां 2,560 नये केस दर्ज किये गये.
इसे भी पढ़ेंःटेरर फंडिंग को लेकर NIA की रडार पर राम कृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन, झारखंड की सत्ता पर रहा है कंपनी का दबदबा
राज्य में अबतक ढाई हजार से ज्यादा लोगों की मौत संक्रमण के कारण हुई है. जबकि महाराष्ट्र में कोविड-19 से अभी तक एक पुलिस अधिकारी सहित कम से कम 30 पुलिसकर्मी अपनी जान गंवा चुके हैं, जबकि 2,500 से अधिक कर्मी संक्रमित पाये गए हैं. यह जानकारी एक अधिकारी ने गुरुवार को दी.
अबतक 30 पुलिसकर्मियों की मौत
अधिकारी ने कहा कि जान गंवाने वाले 30 पुलिसकर्मियों में से करीब 18 मुंबई पुलिस बल में कार्यरत थे और वे लॉकडाउन संबंधी आदेशों को लागू कराने के दौरान इस वायरस से संक्रमित हुए. और अभी तक राज्य पुलिस के 2500 से अधिक कर्मी कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गए हैं और उनमें से एक अधिकारी सहित 30 कर्मी अपनी जान गंवा चुके हैं
उन्होंने कहा कि फिलहाल की स्थिति के अनुसार, पुलिस बल में ऐसे कर्मियों की संख्या 1,510 है जिनका अभी इलाज चल रहा है और इसमें 191 अधिकारी हैं.
उन्होंने कहा कि लॉकडाउन लागू होने के बाद से महाराष्ट्र पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत 1,22,484 अपराध दर्ज किये हैं और इस संबंध में 28,820 लोगों को गिरफ्तार किया है. अधिकारी ने बताया कि साथ ही पुलिस ने लॉकडाउन संबंधी नियमों का उल्लंघन करके सड़क पर निकलने को लेकर 77,435 वाहनों को जब्त किया. पुलिस ने साथ ही लॉकडाउन के दौरान विभिन्न अपराधों के लिए 6.38 करोड़ रुपये का जुर्माना भी वसूल किया. बता दें कि राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 74 हजार 860 हो गयी है.
इसे भी पढ़ेंःरांची में कोरोना से एक और की मौत, कोकर का रहनेवाला था




