JharkhandRanchi

रांची में तुलसी संरक्षण का संदेश, 2100 तुलसी पौधों का सुप्रचार वाहन यात्रा से वितरण

Ranchi: श्री योग वेदांत सेवा समिति, रांची के तत्वावधान में पूज्य संत श्री आसाराम जी बापू की प्रेरणा से तुलसी पूजन दिवस के पूर्व एक भव्य सुप्रचार वाहन यात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान गुरु भाई-बहनों ने मिलकर रांची के विभिन्न चौक-चौराहों पर 2100 तुलसी के पौधों का वितरण किया। साथ ही आश्रम द्वारा प्रकाशित लघु पुस्तिकाएं एवं प्रसाद भी जनसमूह में वितरित किए गए।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 11:00 बजे गुरु पूजन एवं आरती के साथ हुई। इसके पश्चात सुप्रचार वाहन यात्रा सूर्यपुरी कॉलोनी, सत्य साहित्य सेंटर पिस्का मोड़ से प्रारंभ होकर विभिन्न चौक-चौराहों पर रुकते हुए बरियातू मार्ग से बूटी मोड़ पहुंची। वहां भी तुलसी पौधों का वितरण किया गया। इसके बाद वाहन यात्रा कोकर चौक, लालपुर होते हुए फिरायालाल चौक पहुंची, जहां संध्या 4:00 बजे तक बड़ी संख्या में लोगों ने श्रद्धापूर्वक तुलसी के पौधे ग्रहण किए।

तुलसी पौधे पाकर आम नागरिकों के साथ-साथ प्रशासनिक एवं पुलिस कर्मी भी हर्षित नजर आए। कई लोगों ने बताया कि पूर्व में बापू के भक्तों द्वारा दिए गए तुलसी पौधे वे अपने घरों में लगा चुके हैं और नियमित पूजन करते हैं। उन्होंने 25 दिसंबर को तुलसी पूजन दिवस पर गमले को सजाकर विशेष पूजन करने की भी बात कही।

संध्या 5:00 बजे वाहन यात्रा पुनः प्रस्थान कर रातू रोड स्थित सत्संग भवन पहुंची, जहां संध्या 6:00 बजे समापन हुआ। श्री योग वेदांत सेवा समिति रांची के अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी साधक भाई-बहन का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button