Crime NewsPalamu

पलामू : दूध की जगह नशे का कारोबार, खटाल से 5 लाख का गांजा बरामद

Palamu : नशीले पदार्थों की तस्करी व खरीद बिक्री को लेकर पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान में पलामू जिले की हरिहरगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. दूध बिक्री केंद्र (खटाल) से हरिहरगंज पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर 25 किलो गांजा बरामद किया है. गांजा तीन अलग-अलग प्लास्टिक के पैकेट में भरा हुआ था. पुलिस ने इस सिलसिले में खटाल के मालिक मनोज साव (30), पिता कृष्णा साव सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है. घटना के बाद से खटाल मालिक फरार है.

हरिहरगंज थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुदामा कुमार दास ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि हरिहरगंज बाजार में मनोज साव के खटाल में नशीले पदार्थ की खरीद बिक्री की जा रही है. सूचना पर उनके नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया. इसमें पुलिस अवर निरीक्षक नीतीश कुमार, वरुण कुमार हजाम, सोनू कुमार दास, चालक आरक्षी राकेश कुमार सिंह एवं सशस्त्र बलों को को शामिल किया गया. खटाल की घेराबंदी कर छापामारी की गयी, लेकिन इसकी भनक लगते ही मनोज साव खटाल छोड़कर भागने में सफल रहा. बाद में खटाल में सर्च अभियान चलाया गया. इस दौरान तीन अलग प्लास्टिक की बोरी में रखा हुआ कुल 25 किलो गांजा बरामद हुआ.

थाना प्रभारी ने बताया कि बरामद गांजा को दंडाधिकारी के समक्ष जप्त कर थाना लाया गया. मनोज साव एवं इसके संलिप्त अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि बरामद गांजा का बाजार कीमत 5 लाख रुपए है.

 

इसे भी पढ़ें : रिम्स में पोस्ट कोविड के 23 और म्यूकर माइकोसिस का 1 मरीज

Related Articles

Back to top button