
NewDelhi : लोकसभा चुनाव पूर्व विपक्षी दलों की बैठक गठबंधन और न्यूनतम साझा कार्यक्रम को अंतिम रूप देने के लिए 27 फरवरी को दिल्ली में होने जा रही है. बैठक में विपक्षी दलों के सभी बड़े नेताओं के शामिल होने की बात कही गयी है. पूर्व में यह बैठक 26 फरवरी को दिल्ली से बाहर होनी तय थी, लेकिन बाद में बैठक के स्थान और तारीख में बदलाव किया गया। संसद भवन एनेक्सी में होने वाली इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के अलावा पार्टी के दूसरे बड़े नेताओं के भी हिस्सा लेने की उम्मीद है.
इसी बैठक को देखते हुए कांग्रेस पार्टी ने 26 फरवरी को गुजरात के अहमदाबाद में होने वाली कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक को 28 फरवरी तक के लिए टाल दिया है. बता दें कि इससे पहले विपक्षी दलों की 13 फरवरी को एनसीपी के अध्यक्ष शरद पवार के घर पर बैठक हुई थी. इस बैठक में न्यूनतम साझा कार्यक्रम तैयार कर चुनाव पूर्व गठबंधन बनाने का फैसला किया गया था.
दिल्ली और पश्चिम बंगाल में कांग्रेस ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं
लेकिन बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने साफ कर दिया था कि पश्चिम बंगाल और दिल्ली में गठबंधन पर फिलहाल कोई निर्णय नहीं हुआ है. दरअसल, दिल्ली और पश्चिम बंगाल में कांग्रेस ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं. कहा गया है कि पार्टी पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के साथ चुनाव लड़ सकती है, पर कांग्रेस को तृणमूल सम्मानजनक सीट देने के लिए तैयार नहीं है. उधर दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस अभी आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन के फायदे और नुकसान का आकलन करने में जुटी है. बता दें कि तृणमूल कांग्रेस प्रमुख, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और चंद्रबाबू नायडू कांग्रेस पर आप से गठबंधन का दबाव बना रहे हैं.
इसे भी पढ़ेंः पुलवामा अटैकः एजेंसी के हाथ लगी अहम जानकारी- 2010 मॉडल की कार से हुआ आत्मघाती हमला




