Uncategorized

टीबी मरीजों के लिए टोलफ्री नंबर जारी करेगी सरकार : केंद्र

नई दिल्ली : केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने गुरुवार को कहा कि परामर्श और उपचार के लिए टीबी के मरीजों तक पहुंचने के लिए केंद्र सरकार जल्द ही एक टोलफ्री नंबर जारी करेगी। टोलफ्री नंबर जारी करने की घोषणा के साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार इस योजना के लिए मोबाइल और अन्य दूरसंचार उपकरणों का नए रूप में प्रयोग करेगी।

नड्डा ने कहा, “हम टोलफ्री नंबर जल्द से जल्द जारी करने की योजना पर काम कर रहे हैं। फिलहाल इसके लिए राज्य स्तर पर तैयारियां और प्रशिक्षण कार्य चल रहा है।”

वह पूरे देश में टीबी की समस्या से निपटने के लिए पहल ‘कॉल टू एक्शन फॉर टीवी फ्री इंडिया’ के लांचिंग कार्यक्रम में बोल रहे थे।

नड्डा ने कहा कि मरीज इस टोलफ्री नंबर पर टीबी के संबंध में किसी भी प्रकार की सहायता और जानकारी के लिए फोन कर सकेंगे।

उन्होंने कहा, “एक मिस्ड कॉल भी पर्याप्त होगी। प्राप्त कॉल के आधार पर मंत्रालय की टीम कॉल करने वाले व्यक्ति के पास पहुंचेगी और उसकी टीबी के स्तर की जांच करके यह सुनिश्चित करेगी की कि उस व्यक्ति को सही निदान, मुफ्त दवाइयां और इलाज उपलब्ध कराने तथा अनुवर्ती कार्य के लिए इस कार्यक्रम के अंतर्गत शामिल किया जा सके।”

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि टीबी नियंत्रण कार्यक्रम की एक सबसे बड़ी चुनौती टीबी मरीजों तक पहुंचना है। टोल फ्री सेवाएं मरीजों को टीबी नियंत्रण कार्यक्रम में शामिल करने में मदद करेगी।

उन्होंने कहा, “टीबी मुक्त भारत का विजन अर्जित करने के लिए मंत्रालय इंद्रधनुष मिशन के अधीन बीसीजी (टीका) की 90 प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करेगा। इसमें दूर-दराज तक पहुंच बनाने, रोग के लक्षण सामने आने के दो सप्ताहों के अंदर टी.बी. के सभी मामलों का निदान करना और नजदीकी जनस्वास्थ्य केंद्र तक भेजना और पूर्ण इलाज सुनिश्चित कराना भी शामिल है।”

स्वास्थ्य सचिव बी.पी. शर्मा ने कहा कि ‘कॉल टू एक्शन’ एक आम साझा लक्ष्य के लिए विभिन्न हितधारकों के प्रयासों में एक उत्प्रेरक साबित होगा।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button