
Ranchi: दस अप्रैल के पहले राज्य में बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग की ओर से इसकी जानकारी दी गयी है. विभाग की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, चार अप्रैल से राज्य के अलग अलग हिस्सों में धूप का असर कम होगा. इस दौरान लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. वहीं आठ से दस अप्रैल के बीच बारिश होने की संभावना व्यक्त की गयी है.
विभाग ने बताया है कि चार अप्रैल से राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाये रहेंगे. वहीं कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. इस दौरान नौ अप्रैल को बारिश की संभावना व्यक्त की गयी है. इस दौरान मेघगर्जन के साथ थडरिंग की जानकारी दी गयी है.
मौसम विभाग की मानें तो इन दिनों देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां, रांची बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी में बादल और आंशिक बारिश की संभावना है.
तापमान बढ़ने की संभावना
हालांकि विभाग की ओर से आने वाले तीन दिनों के बाद तापमान में वृद्धि की बात की गयी है. मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि इस दौरान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तापमान में वृद्धि होगी. इसके पहले तापमान में वृद्धि की कोई संभावना नहीं है.
हालांकि चार अप्रैल को राज्य का औसतन तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं तीन अप्रैल को भी तापमान यहीं रहा. पिछले 24 घंटे की बात करें तो जमशेदपुर का तापमान सबसे अधिक रहा. यहां का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं रांची का 36.6, डाल्टेनगंज का तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. बोकारो का तापमान इस दौरान 36.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
धूल भरी आंधी चलेगी
मौसम विभाग की मानें तो आने वाले तीन दिनों के बाद बादल बनने की संभावना है. बंगाल की खाड़ी से उठने वाली नम हवाओं के कारण लोकल क्लाउड बनेंगे. इससे लोगों को गर्मी से एक बार फिर से राहत मिल सकती है.
अप्रैल माह में हल्के से मध्यम दर्जे की धूल भरी आंधी चलने की संभावना है. संभावना है कि पूरी अप्रैल लोगों को हीट वेव का सामना करना पड़ेगा. जो दोपहर में होगा. वहीं कुछ जिलों में तेज हवाएं भी चलेंगी.




