
- विभिन्न प्रखंडों में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन
- शिकायतों, समस्याओं के निष्पादन के लिए लगाये गये शिविर
Ranchi: रांची डीसी छवि रंजन के निदेशानुसार जिले के सभी प्रखंडों में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया. राज्य सरकार द्वारा राज्य के सभी पात्र व्यक्तियों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने को लेकर हर गुरुवार जिले के प्रखंड और पंचायत मुख्यालय में ये आयोजन होगा.
सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के दौरान राज्य में व्यक्ति आधारित सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थियों के लंबित भुगतान से संबंधित काम के साथ आंगनबाड़ी सेविका सहायिका के मानदेय, पारा शिक्षकों, मदरसा शिक्षकों एवं संस्कृत विद्यालय के शिक्षकों के लंबित वेतन भुगतान, विभिन्न योजनाओं के ग्राम स्तर पर कार्य करने वाले कर्मियों के लंबित दावे के विरुद्ध भुगतान, विभिन्न स्तरों पर कार्यान्वित की जाने वाली योजना कार्यक्रमों के संदर्भ में शिकायतों के निष्पादन को लेकर सभी प्रखंडों में शिविर लगाये गये, जहां लोगों ने अपनी समस्याओं को लेकर अपने आवेदन दिये.
सोनाहातू प्रखण्ड के बारेंदा पंचायत में आयोजित सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में वरीय प्रभारी सह कार्यपालक अधिकारी नगर पंचायत बुंडू, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और सभी विभागों से पदाधिकारी, कर्मी एवं ग्रामीण उपस्थित थे.
सभी जगहों पर विभिन्न विभागों द्वारा राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की पूर्ण जानकारी आम जनों को दी गयी. साथ ही लंबित विभिन्न मामलों से संबंधित आवदेन भी प्राप्त किये गये.
ओरमांझी प्रखंड के ग्राम पंचायत करमा, नामकुम प्रखंड के लालखटंगा, खलारी प्रखण्ड के मायापुर पंचायत भवन में भी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यहां भी लोगो को राज्य सरकार द्वारा चलाये जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ मामलों के निष्पादन के लिए आवेदन आमंत्रित किये गये.
रांची डीसी छवि रंजन द्वारा सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में संबंधित प्रखंड के बीडीओ को प्राप्त सभी शिकायतों के निपटारा से संबंधित प्रतिवेदन नामांकित जिला स्तरीय पदाधिकारी को अगले सरकार आपके द्वार कार्यक्रम से पूर्व प्रेषित करने का निर्देश दिया गया है.
डीसी के निर्देशानुसार अगले कार्यक्रम में शिकायत के निपटारे की समीक्षा, प्रखंड विकास पदाधिकारी के प्रतिवेदन का सत्यापन कर आवेदन कर्ता को किए गए कार्य से अवगत कराया जाएगा.
इसे भी पढ़ें- देश के 50 शहरों के लिए बन रही लॉजिस्टिक्स योजना, झारखंड सरकार भी गंभीर




