
DC and DVC Hospital of CISF took necessary steps to tackle Corona, created isolation ward
Bermo : कोरोना से निबटने के लिए बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी की सीआइएसएफ यूनिट एवं डीवीसी के स्थानीय हॉस्पिटल ने मंगलवार को आइसोलेशन वार्ड बनाया. डिप्टी कमांडेंट आलोक कुमार एवं अस्पताल के डिप्टी सीएमओ डॉ आर भट्टाचार्य के द्वारा यह पहल की गयी है. डीसी ने सीआइएसएफ की यूनिट स्थित फायर विंग के आवासों में दो कमरे के आइसोलेशन वार्ड का निर्माण किया है.
इसके अलावा और दो बेड के वार्ड को भी बनाने की प्रक्रिया चल रही है. डीसी के निर्देश पर निरीक्षक संदीप कुमार ने आइसोलेशन वार्ड का निर्माण करवाया है. कहा कि वर्तमान में यूनिट में ऐसी किसी भी प्रकार की कोई शिकायत नहीं मिली है. सावधानी बरतने के लिए आवश्यक कदम उठाये गये हैं. आइसोलेशन वार्ड में संदेह के आधार पर प्रभावितों को सेल्फ क्वारंटाइन में रखा जाएगा. डीसी ने बताया कि सभी जवानों एवं अधिकारियों की छुट्टी को अगले आदेश तक स्थगित है. जो भी जवान या अधिकारी छुट्टी में गये हैं उनकी छुट्टी बढ़ा दी गयी है.
आम आदमी के प्रवेश पर रोक
कहा कि सीआइएसएफ यूनिट में रहने वाले जवानों एवं अधिकारियों के घरों में काम करने वाले कामगारों तथा कामवाली बाई, टयूशन पढ़ाने वाले शिक्षकों, पेपर देने वाले हाकर, दूध वाले, पानी सप्लाई करने वाले व सीआइएसएफ के कैंटीन में डीवीसी कामगारों एवं आम लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दी गयी है. यूनिट के प्रवेश द्वार पर ही उपरोक्त सामग्री आकर ले जाने का निर्देश दिया गया है.
कहा कि डयूटी जानेवाले सभी वाहनों को सेनेटाइज किया जा रहा है. कहा कि यूनिट के जवानों एवं अधिकारियों एवं जवानों के परिवार के सदस्यों को कैंपस से बाहर जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. बहुत आवश्यकता होने पर जवान या अधिकारी कारण बताकर ही बाहर जा सकते हैं. हैंडवाश की व्यवस्था की गयी है.




