
Jamshedpur : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना इलाके में मनप्रीत सिंंह की हत्या के बाद सिख समाज आंदोलित है. हत्या के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अल्टीमेटम भी पुलिस-प्रशासन को दे रखा है. मनप्रीत की मां ने शुक्रवार को ऐलान किया कि आरोपियों की गिरफ्तारी तक वह अपने मरे बेटे का चेहरा नहीं देखेगी. इस बीच, पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी राहुल सिंह के साथ ही दो अन्य आरोपी अक्षय और नवीन को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस आज ही मामले का खुलासा करते हुए हत्या के कारणों से पर्दा उठाएगी. पुलिस ने राहुल और अक्षय को सीतारामडेरा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है जबकि नवीन ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था.
इसबीच, विश्वस्त सूत्र बता रहे हैं कि हत्या की घटना से ठीक पहले राहुल और मनप्रीत के बीच सिदगोड़ा इलाके के ही क्रिस्टल टावर के पास बहस हुई थी. बहस के बीच ही मनप्रीत ने अपने पास रखे हथियार निकाने और राहुल पर फायरिंग कर दी. वैसे, गोली राहुल को लगी नहीं और दोनों वहां से चलते बने. हालांकि, राहुल के भीतर बदले की आग भड़क उठी और उसने बदला लेने की ठान ली. वह मनप्रीत के घर पहुंच गया और घर के बाहर हंगामा करने लगा. शोरगुल सुनकर मनप्रीत अपने घर से निकला और राहुल से उलझने लगा. यह देखकर मनप्रीत की मां सोनी कौर घर से बाहर निकली और मनप्रीत को समझाकर घर के अंदर भेजकर दरवाजा बंद कर दिया. साथ ही पुलिस को दूरभाष पर सूचना दी. इस क्रम में राहुल वहां से चला गया और थोड़ी देर बाद ही अक्षय, पूरण और नवीन को लेकर हरबे हथियार के साथ मनप्रीत के घर के बाहर पहुंचा. यहां उसने पहले नवीन और पूरण को मनप्रीत का घर दिखाया और गेट को तोड़ते हुए घर में दाखिल हो गया. घर में घुसकर इन्होंने पहले मनप्रीत की मां सोनी कौर को अपने कब्जे में किया और फिर मनप्रीत पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. इस तरह राहुल पर फायरिंंग ही मनप्रीत की हत्या की तात्कालिक वजह बनी. वैसे यह देखना अभी शेष है कि गिरफ्तार तीनों हत्यारोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस क्या खुलासा करती है.




