
Kolkata : पश्चिम बंगाल में अपना सिक़्का कायम करने की कोशिशों में जुटी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह राज्य में रथ यात्रा निकालने जा रहे हैं योजना के अनुसार भाजपा की रथ यात्रा राज्य के सभी 42 लोकसभा क्षेत्रों में जायेगी. उधर इसके जवाब में राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी टीएमसी पवित्र यात्रा निकालने की कवायद कर रही है. रथ यात्रा को लेकर पश्चिम बंगाल की सीएम और टीएमसी अध्यक्ष ममता बनर्जी ने भाजपा अध्यक्ष पर हमला बोला है. कहा है कि भाजपा की यात्रा रथ यात्रा नहीं बल्कि रावण यात्रा है और जहां-जहां से उनकी रावण यात्रा निकलेगी, वहां-वहां टीएमसी की पवित्र यात्रा होगी, ताकि उस जगह का शुद्धिकरण किया जा सके. ममता का बयान उस समय आया है जब एक दिन पहले ही बंगाल भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष ने राज्य सरकार पर यात्रा को मंजूरी नहीं देने का आरोप लगाया है. ममता ने कहा कि टीएमसी की पवित्र यात्रा शाह की यात्रा निकलने के अगले दिन उसी स्थान से गुजरेगी.
इसे भी पढ़ें : चंद्रबाबू नायडू का फरमान, सीबीआई अधिकारी बिना इजाजत राज्य में कार्रवाई नहीं कर पायेंगे, आम सहमति वापस ली
लेकिन पश्चिम बंगाल त्रिपुरा या असम नहीं है. कड़ी टक्कर मिलेगी
बता दें कि शुक्रवार को कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में तृणमूल कांग्रेस की कार्यकारिणी में ममता ने कहा कि भाजपा की रथ यात्रा में कोई रथ नहीं है, वह एक तरह का फाइव स्टार एसी होटल है जिसमें रहने और खाने की व्यवस्था है. सीएम ने कहा कि कि भाजपा पैसे और एजेंसी का डर दिखा कर लोगों को खरीदना चाहती है. उन्होंने कहा कि आरबीआई और सीबीआई दोनों एक हो गये हैं. लेकिन पश्चिम बंगाल त्रिपुरा या असम नहीं है. यहां भाजपा को कड़ी टक्कर मिलेगी. बता दें कि मिशन 2019 के तहत यहां भाजपा तीन रथ यात्रा निकालने वाली है. ये रथ राज्य के सभी लोकसभा क्षेत्रों में जायेंगी और ममता सरकार की नाकामियों को उजागर करने की कोशिश करेंगे. मुख्य रथ यात्रा पार्टी अध्यक्ष अमित शाह लॉन्च करेंगे, रथ यात्रा का समापन प्रधानमंत्री मोदी करेंगे.




