
New Delhi : सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की विरूपित तस्वीर कथित रूप से पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार भाजपा की महिला कार्यकर्ता प्रियंका शर्मा को मंगलवार को जमानत दे दी.
कोर्ट ने प्रियंका शर्मा को इस कृत्य के लिये माफी मांगने का निर्देश देते हुये यह भी कहा कि अभिव्यक्ति की आजादी वहां खत्म हो जाती है जब वह दूसरे के अधिकारों का अतिक्रमण कर रही हो.
इसे भी पढ़ेंःपलामू: जेपीसी के सबजोनल कमांडर सहित चार आरोपियों को पांच-पांच वर्ष की सजा
कोर्ट ने कहा- मांगनी होगी माफी
न्यायमूर्ति इन्दिरा बनर्जी और न्यायमूर्ति संजीव खन्ना की अवकाश कालीन पीठ ने भाजपा युवा मोर्चा की नेता प्रियंका शर्मा को जमानत देते हुये कहा कि जेल से रिहा होने के बाद उन्हें पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की विरूपित तस्वीर कथित रूप से पोस्ट करने के लिये लिखित में माफी मांगनी होगी.
इस मामले की सुनवाई के दौरान पीठ ने टिप्पणी की कि हालांकि अभिव्यक्ति की आजादी के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं हो सकता परंतु ‘‘आपकी अभिव्यक्ति की आजादी वहां खत्म हो जाती है जब वह दूसरे के अधिकारों का हनन करती है.
पीठ ने कहा कि प्रियंका शर्मा एक राजनीतिक दल की सदस्य हैं और इसलिए इस तरह की तस्वीर पोस्ट करने का कटाक्ष आम जनता द्वारा साझा की जाने वाली ऐसी तस्वीर की तुलना में भिन्न होता है.
इसे भी पढ़ेंःमणिशंकर ने पीएम मोदी पर दिये ‘नीच इंसान’ वाले बयान को ठहराया सही, कांग्रेस की बढ़ी परेशानी
10 मई को प्रियंका को किया गया था गिरफ्तार
तृणमूल कांग्रेस के नेता विभास हाजरा की शिकायत पर भाजपा कार्यकर्ता प्रियंका शर्मा को पश्चिम बंगाल पुलिस ने 10 मई को भारतीय दंड संहिता की धारा 500 (मानहानि) और सूचना प्रौद्योगिकी कानून के तहत गिरफ्तार किया था.
प्रियंका शर्मा की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता एन के कौल ने सोमवार को अवकाश कालीन पीठ के समक्ष इस मामले का उल्लेख किया था. उनका कहना था कि पश्चिम बंगाल में स्थानीय अदालतों में 14 मई तक पूर्ण हड़ताल होने के कारण ही भाजपा की गिरफ्तार इस कार्यकर्ता को अपनी गिरफ्तारी को चुनौती देने के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा. इसके बाद पीठ इस मामले की मंगलवार को सुनवाई के लिये तैयार हो गयी थी.
इसे भी पढ़ेंःचुनाव में डूब रही पीएम मोदी की नैया, RSS ने भी किया किनाराः मायावती
प्रियंका चोपड़ा की तस्वीर पर फोटोशॉप कर ममता का चेहरा लगाया गया था
हावड़ा की स्थानीय अदालत ने 11 मई को प्रियंका को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था. तब से वह न्यायिक हिरासत में ही हैं.
भाजपा युवा मोर्चा की नेता प्रियंका शर्मा ने फेसबुक पर एक ऐसी फोटो कथित रूप से साझा की थी जिसमें न्यूयॉर्क में ‘मेट गाला’ समारोह के दौरान ली गई अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा की तस्वीर पर फोटोशॉप के जरिए ममता का चेहरा लगाया गया था.
गौरतलब है कि प्रियंका शर्मा की गिरफ्तारी के बाद भाजपा और सोशल मीडिया के अन्य यूजर ने इसका जोरदार विरोध किया था.




