
Ranchi: केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय के सचिव सुनील कुमार सोमवार को रांची पहुंचे. राजधानी के होटल रेडिशन ब्लू में पंचायती राज विभाग के अधिकारियों के साथ उन्होंने समीक्षा बैठक की. केंद्रीय सचिव ने त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के कार्यों की जानकारी ली. 15 वें वित्त आयोग से मिलने वाली राशि और उसके उपयोग पर जानकारी हासिल की गयी. यह बात सामने आयी कि अधिकांश जिलों की पंचायतों में वित्त आयोग का पैसा पड़ा हुआ है, राशि खर्च नहीं हो पा रही है. ऐसे में अगली किस्त की राशि का भुगतान करने में दिक्कत होगी.
केंद्रीय सचिव ने झारखंड के अधिकारियों को पंचायत की योजनाओं का क्रियान्वयन तेजी से करने का भी निर्देश दिया. वित्त आयोग के पैसे का इस्तेमाल वैसी जगह पर करने को कहा जिसका लाभ लाभुकों को सीधा मिले और वह स्थायी हो. दो सत्रों में हुई बैठक के पहले सत्र में विभाग के सचिव राजीव अरूण एक्का व दूसरे सत्र निदेशक निशा उरांव उपस्थित रहीं. केंद्रीय सचिव पंचायत के रिक्त पदों की भी जानकारी ली. साथ ही ग्राम पंचायतों के विभिन्न विभागों के योजनाओं के कार्यान्वयन के लिए क्या-क्या अधिकार दिए गये हैं इसकी जानकारी भी उन्होंने ली. केंद्रीय सचिव 21 तक झारखंड में रहेंगे. विभिन्न स्थानों पर पंचायती राज योजनाओं का हाल भी लेंगे. मंगलवार को खूंटी के कर्रा ब्लॉक की योजनाओं का निरीक्षण करेंगे.




