
Mumbai: महाराष्ट्र में सरकार किसकी बनेगी. मुख्यमंत्री किस पार्टी का होगा. इसे लेकर सस्पेंस बरकरार है. भाजपा और शिवसेना के बीच सत्ता बंटवारे को लेकर खींचतान चल रही है.
इसी को लेकर राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से भाजपा विधायक दल मिलेगा. इस विधायक दल के नेताओं के साथा मुख्यमंत्री फडणवीस का दिया हुआ एक संदेश भी होगा जो वो राज्यपाल के साथ साझा करेंगे.
गौरतलब है कि गुरुवार को भाजपा सरकार बनाने का दावा पेश कर सकती है. वहीं दूसरी ओर शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे भी गुरुवार को अपने पार्टी के विधायकों के साथ बैठक करेंगे.
इसे भी पढ़ें- महाराष्ट्र में जल्द बन सकती है नयी सरकार, गुरुवार को भाजपा प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिलेगा
दोनों पुराने सहयोगी दलों के बीच अनौपचारिक बातचीत जारी
भाजपा और शिवसेना, दोनों दलों के सूत्रों ने बताया कि हिन्दुत्व विचारधारा रखने वाले दोनों पुराने सहयोगी दलों के बीच अनौपचारिक बातचीत जारी है और गतिरोध जल्द समाप्त होने की उम्मीद है.
एक सूत्र ने बताया कि हमें उम्मीद है कि गतिरोध जल्द समाप्त हो जायेगा. अगर सब कुछ सही रहा, तो नौ नवंबर से पहले नयी सरकार बन सकती है. हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि भाजपा की ओर से शिवसेना को क्या पेशकश की गयी है ताकि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी को संतुष्ट किया जा सके.
इसे भी पढ़ें- #JharkhandAssemblyElection : पहले चरण में 37 लाख 78 हजार 963 मतदाता करेंगे वोट, 44 हजार 139 नये मतदाता
सीएम पद को लेकर कोई समझौता नहीं: भाजपा
भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने इस बात पर जोर दिया कि पार्टी मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई समझौता नहीं करेगी.
गौरतलब है कि शिवसेना ‘‘50:50 फार्मूले’’ पर जोर दे रही है और मुख्यमंत्री पद ढाई साल के लिए मांग रही है. लेकिन भाजपा इस पर राजी नहीं है. शिवसेना का दावा है कि भाजपा इस फार्मूले पर सहमत हुई थी.
महाराष्ट्र में 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए हाल में हुए चुनाव में भाजपा 105 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है, जबकि शिवसेना 56 सीटों पर विजयी रही.
शिवसेना ने पिछले कुछ दिनों में अपने सहयोगी दल के खिलाफ कड़े तेवर दिखाये हैं, जबकि भाजपा ने देखो और इंतजार करो की नीति अपनायी. शिवसेना ने राकांपा से भी सम्पर्क साधा.
हालांकि, राकांपा प्रमुख शरद पवार ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी और कांग्रेस को विपक्ष में बैठने का जनादेश मिला है. उन्होंने कहा कि राज्य में सरकार बनाने की जिम्मेदारी भाजपा-शिवसेना की है.
वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता सुधीर मुनगंतीवार ने बुधवार को कहा कि पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात करेगा.
मुनगंतीवार ने कहा कि प्रदेश इकाई प्रमुख चंद्रकांत पाटिल के नेतृत्व में भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस द्वारा मंजूर एक संदेश के साथ कोश्यारी से मुलाकात करेगा.
गौरतलब है कि हालिया विधानसभा चुनाव में 288 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को सर्वाधिक 105 सीटों पर जीत मिली. शिवसेना 56, राकांपा 54 और कांग्रेस 44 सीटों पर विजयी रही.




