
NewsWing Desk: ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत कांग्रेस के 22 विधायकों ने इस्तीफा दे दिया है. इसके साथ ही मध्यप्रदेश में कांग्रेस की कमलनाथ सरकार संकट में आ गयी है. अभी तक ज्योतिरादित्य सिंधिया भाजपा में शामिल नहीं हुए. ना ही भाजपा ने मध्य प्रदेश में सरकार बनाने की घोषणा की है. और ना ही कमलनाथ सरकार ने हार मानी है. बुधवार की सुबह मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दावा किया कि फ्लोर पर वह बहुमत सिद्ध कर देंगे.
तो अभी चल क्या रहा है
मध्यप्रदेश में अब विधायकों को दुनिया से दूर अलग-थलग रखने का खेल शुरू हो गया है. राजनीति में इसे विधायकों को एकजुट रखना, छिपाना और टूटने से बचाना कहा जाता रहा है. बात चाहे जो भी हो पर एक बात तो निश्चित है कि विधायकों पर किसी भी पार्टी को भरोसा नहीं रहा.
कांग्रेस व भाजपा ने अपने-अपने विधायकों को भोपाल से दूर होटल में कैद कर दिया है. जब तक विधानसभा में फ्लोर टेस्ट नहीं हो जाता, तब तक उनके कैद रहने की ही उम्मीद है. हाल के वर्षों में लोकतंत्र का यह खेल भी खूब देखने को मिल रहा है. एक स्वतंत्र देश में, चुने गये विधायक कैसे कैद कर लिये जाते हैं. नजरबंद कर दिये जाते हैं. यह बहुत ही दिलचस्प खेल है.
इसे भी पढ़ें- मध्य प्रदेश का सियासी संकट: ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस से इस्तीफ़ा दिया
यही कारण है कि मंगलवार को भोपाल में भाजपा विधायकों की बैठक के तुरंत बाद उन्हें हरियाणा के गुड़गांव स्थित होटल में पहुंचा दिया गया. उन्हें घर तक नहीं जाने दिया गया. पार्टी दफ्तर से बस में बैठा कर सीधे गुड़गांव ले जाया गया. इस दौरान उन्हें अपने परिवार से भी शायद ही बातचीत करने दी गयी हो.
भाजपा का विधायकों को गुड़गांव के होटल में पहुंचाना यह संकेत देता है कि भाजपा के अपने विधायक पर भरोसा नहीं है. भाजपा नेतृत्व को लगता है कि अगर विधायक भोपाल में रहें तो वह टूट कर कांग्रेस के पाले में जा सकते हैं. गौर करें, कांग्रेस के एक नेता ने दावा किया है कि भाजपा के 20 विधायक उनके संपर्क में हैं.
यही हाल कांग्रेस की भी है. कांग्रेस पार्टी भी विधायकों की बैठक के बाद अपने सभी विधायकों को राजस्थान ले जाने की तैयारी कर रखी है. कांग्रेस के 21 विधायकों ने इस्तीफा दे दिया है. भाजपा के नेताओं ने दावा किया है कि कांग्रेस के और भी विधायक उनके संपर्क में हैं. लिहाजा कांग्रेस पार्टी को भी अपने विधायकों पर भरोसा नहीं रहा. इसलिये एकजुट करने, छिपाने या किसी और बहाने से सभी को राजस्थान ले जाया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें- धनबाद : कोयलानगरी में बढ़ा आपराधिक घटनाओं का ग्राफ, हत्या, दुष्कर्म, लूट और डकैती में हुई बढ़ोतरी
अभी यह तय नहीं हो पाया है कि भाजपा में शामिल होने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया का क्या होगा. वह भाजपा की टिकट पर राज्यसभा जायेंगे या उन्हें मध्यप्रदेश का कमान दिया जायेगा. दोनों ही बातें हवा में तैर रही हैं.
यह भी कहा जा रहा है कि मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह से ज्योतिरादित्य सिंधिया को मुख्यमंत्री बनाये जाने का प्रस्ताव दिलाया जा सकता है. जिसके बाद शिवराज सिंह चौहान को राज्यसभा भेजा जा सकता है.




