
Lohardaga: सीएए के समर्थन में बीते 23 जनवरी को निकले जुलूस पर पथराव और हिंसक झड़प के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया था. इस घटना के 14 दिनों के बाद गुरुवार को कर्फ्यू को हटा लिया गया है.
जिला प्रशासन के द्वारा वर्तमान स्थिति की समीक्षा, प्रखंडों से प्राप्त विधि व्यवस्था प्रतिवेदन और अलग-अलग स्तरों पर हुए आसूचना संग्रहण के बाद यह निर्णय लिया गया कि जिले में वर्तमान में शांति व्यवस्था की स्थिति है. लेकिन घटनाक्रम को ध्यान में रखते हुए सतर्कता बरतने की जरूरत है.
इसे भी पढ़ें- योजनाओं की समीक्षा होने से राजधानी के विभिन्न वार्डों में प्रभावित हो सकती है 37.87 करोड़ की योजनाएं
धारा 144 के तहत अगले आदेश तक निषेधाज्ञा प्रभावी
वहीं जिले में धारा 144 के तहत अगले आदेश तक निषेधाज्ञा प्रभावी रहेगा. जिसके तहत किसी भी स्थल पर चार या चार से अधिक लोग एक साथ एकत्रित नहीं होंगे. कोई भी व्यक्ति पूर्व अनुमति के बिना न तो कोई सभा करेगा न जुलूस निकालेगा.
कोई भी व्यक्ति जातीय, धार्मिक और भाषायी समुदाय के बीच मतभेद बढ़ाने वाला काम नहीं करेगा. कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार की अफवाह नहीं फैलायेगा. शांति व्यवस्था भंग करने वाले संदेशों का आदान-प्रदान नहीं किया जायेगा.
कोई भी व्यक्ति किसी भी माध्यम से उत्तेजक भाषण का सम्प्रेषण नहीं करेगा. कोई भी व्यक्ति ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग नहीं करेगा. कोई भो व्यक्ति किसी प्रकार का अस्त्र-शस्त्र, विस्फोटक पदार्थ लेकर नहीं चलेगा और न ही किसी व्यक्ति को ऐसा करने के लिए उकसाएगा या प्रोत्साहित करेगा.
यह आदेश सिख समुदाय के व्यक्तियों को कृपाण धारण करने और वृद्ध व्यक्तियों के लाठी लेकर चलने पर लागू नहीं होगा. कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया, व्हाट्सएप ग्रुप पर किसी प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी का प्रसारण नहीं करेगा. कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक स्थल, धर्मिक स्थल पर, सड़क या मकान की छत पर, ईंट-पत्थर का ढेर, कांच, बोत्तल इत्यादि एकत्रित नहीं करेगा.
इसे भी पढ़ें- निर्भया मामलाः एक और दोषी अक्षय ठाकुर की दया याचिका राष्ट्रपति ने खारिज की
क्या है मामला
23 जनवरी को लोहरदगा में सीएए के समर्थन विशाल जुलूस निकाला गया था. जुलूस जैसे ही अमलाटोली के पास पहुंची उपद्रवियों ने बवाल मचा दिया. जुलूस पर पथराव करने लगे. जुलूस के साथ चल रही पुलिस को भी निशाना बनाया गया. इस पथराव की वजह से भगदड़ मच गयी.
वहीं देखते ही देखते इस पूरे मामले ने हिंसा का रूप ले लिया. पुलिस उपद्रवियों को नियंत्रित करने में विफल रही. इसके बाद शहर के जामा मस्जिद चौक, बड़ा तालाब, सोमवार बाजार, बक्सीडीपा, पावरगंज चौक सहित कई स्थानों में वाहनों में तोड़फोड़ , आगजनी, पथराव, हवाई फायरिंग हुई.
कई दुकानों और घरों को लक्ष्य बनाकर तोड़फोड़ कर लूटपाट की गयी. साथ ही आगजनी की घटना को अंजाम दिया गया. जिसके बाद जिला प्रशासन के द्वारा पूरे क्षेत्र में कर्फ्यू लगा दी गयी थी.




