
Dhanbad: लॉकडाउन के बावजूद धनबाद में लोग सड़क पर निकलकर सुरक्षा व्यवस्था को धत्ता बताने की कोशिश कर रहे हैं. पुलिस-प्रशासन की सख्ती के बावजूद ये लोग सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं.
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए किये गये लॉकडाउन की धज्जियां उड़ाते कुछ लोग धनबाद के स्टेशन रोड में शुक्रवार को पकड़े गये. बताया जाता है कि भारत सरकार लिखी हुई गाड़ी में सवारी ढोने का काम किया जा रहा था. पुलिस ने सभी लोगों को वाहन से उतारकर उनसे उठक-बैठक करवायी.
इसे भी पढ़ेंः#CoronavirusOutbreak: संजय सेठ ने सांसद फंड से दिये 1 करोड़, विधायक कोचे मुंडा ने जारी किये 10 लाख
अलग-अलग ले जाकर पुलिस ने की पूछताछ तो सामने आया मामला
पुलिस वालों का कहना था कि एक ओर कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए एहतियात बरता जा रहा है. वहीं कई लोग अपनी लापरवाही से समाज को खतरे में डालने की हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं. पुलिस ने बताया कि स्विफ्ट डिजायर कार पर भारत सरकार का बोर्ड लगा हुआ था.
पुलिस ने हाथ देकर उन्हें रुकवाया तो चालक ने बताया कि गाड़ी में सवार लोग उनके भाई हैं. पुलिस ने भी अपने अंदाज में कार पर सवार लोगों को अलग-अलग दिशा में किनारे ले गये और एक-दूसरे के नाम के बारे में जानकारी ली.
जिसका वे लोग सही से जवाब नहीं दे सके. बाद में चालक ने पुलिस को बताया कि वह सवारी ढोने का काम कर रहा था. पुलिस ने उन तमाम लोगों को बीच सड़क पर उठक-बैठक करायी. उन्हें भविष्य में दोबारा ऐसी गलती नहीं करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया.
इसे भी पढ़ेंःछठी सिविल सेवा परीक्षा सहित JPSC की पांच अन्य परीक्षाओं पर कोरोना संकट
न्यूज विंग की अपील
देश में कोरोना वायरस का संकट गहराता जा रहा है. ऐसे में जरूरी है कि तमाम नागरिक संयम से काम लें. इस महामारी को हराने के लिए जरूरी है कि सभी नागरिक उन निर्देशों का अवश्य पालन करें जो सरकार और प्रशासन के द्वारा दिये जा रहे हैं. इसमें सबसे अहम खुद को सुरक्षित रखना है. न्यूज विंग की आपसे अपील है कि आप घर पर रहें. इससे आप तो सुरक्षित रहेंगे ही दूसरे भी सुरक्षित रहेंगे.
इसे भी पढ़ेंः10 साल से लड़कियों को फुटबॉल सीखा रहे फ्रांज हुए बेघर, लोगों ने रात के वक्त परिवार संग गांव से निकाला




