
Ranchi: कोरोना की इस महामारी में कई गंभीर बीमारियों के मरीजों की जान पर आफत आ चुकी है. इसी में राज्य के हीमोफीलिया के मरीजों को समय पर जीवन रक्षक फैक्टर नहीं मिल पा रहा है.
इस कमी को दूर करने के लिए हीमोफीलिया सोसाइटी के सचिव ने स्वास्थ्य मंत्रायल से आग्रह किया है कि एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध करायें जिससे वे मरीजों के घर-घर जाकर उनको फैक्टर दिला पायें.
उन्होंने बताया कि राज्य में करीब 650 हीमोफीलिया के मरीज हैं. बता दें कि राज्य के मरीज लॉकडाउन के कारण फैक्टर लेने नहीं आ पा रहे हैं. राज्य में पांच डे केयर और दो मेडिकल कॉलेजों में फैक्टर उपलब्ध है.
उन्होंने कहा कि मरीज अपने नजदीकी केंद्रों में जाकर फैक्टर 8 और फैक्टर नौ लेते थे. ज्यादा जरूरत पड़ने पर वे रिम्स आते थे. लॉक डाउन के कारण मरीज फैक्टर लेने नहीं आ पा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि अगर सरकार सहायता करती है तो राज्य हीमोफीलिया सोसाइटी भी मदद करेगी और लोगों के घर-घर जाकर फैक्टर उपलब्ध करायेगी.
किडनी के मरीजों को भी हो गयी है दिक्कत
कोरोना महामारी के कारण किडनी के मरीजों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. कई मरीज आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण रांची आ पाने में असमर्थ हैं.
वे प्राईवेट गाड़ी से आ पाने की स्थिति में नहीं है. इसके अलावा एक किडनी के मरीज के कोरोना संक्रमित हो जाने के बाद से शहर के कई प्राइवेट डायलिसिस सेंटर बंद हो गये हैं.
इससे मरीजों को डायलिसिस कराने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है जिससे रिम्स पर डायलिसिस मरीजों का भार बढ़ गया है. रिम्स में मशीन और टेक्नीशियन के भाव में मरीजों का अधिक संख्या में डायलिसिस नहीं हो पा रहा है.
इसे भी पढ़ें : #Anganbadi में हो रही घटिया सामग्री की आपूर्ति, चान्हो अंचल अधिकारी ने JSLPS को किया शो कॉज




